Edited By meena, Updated: 23 Nov, 2019 03:23 PM
सिवनी की जिला जेल के जेलर प्रशांत चौहान पर अपने ही विभाग की एक महिला जेल प्रहरी के साथ दैहिक शोषण करने का मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता ने उनके खिलाफ जबलपुर सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है...
जबलपुर(विवेक तिवारी): सिवनी की जिला जेल के जेलर प्रशांत चौहान पर अपने ही विभाग की एक महिला जेल प्रहरी के साथ दैहिक शोषण करने का मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता ने उनके खिलाफ जबलपुर सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिविल लाइन पुलिस ने जेलर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी कर दी है।
ये है पूरा मामला
प्रशांत चौहान साल 2016 में जबलपुर की नेताजी सुभाष चंद्र बोस जेल सहायक अधीक्षक पदस्थ थे। उन्होंने उन दिनों जेल की प्रहरी रही महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया और उसका दैहिक शोषण किया। यह सिलसिला करीब 4 साल तक चल चलता रहा इस दौरान सहायक जेलर प्रशांत चौहान का तबादला सिवनी हो गया और महिला प्रहरी का ट्रांसफर नरसिंहपुर कर दिया गया। प्रेमी युगल के अलग-अलग तबादले के बाद महिला प्रहरी ने शादी का दबाव बनाया मगर प्रशांत ने वादा करने के बाद भी दूसरी लड़की से शादी कर ली।
फरियादी महिला प्रहरी ने इसकी शिकायत एसपी से की और सहायक जेलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई। बताया जा रहा है कि पारिवारिक मुश्किलों का हवाला देते हुए सहायक जेलर लंबे समय से शादी का वादा करता रहा और जब महिला ने दबाव बनाना शुरू किया तो उसने 15 नवंबर की तारीख शादी के लिए तय की लेकिन इस बीच उसने दूसरी युवती से सात फेरे ले लिए।
एसपी अमित सिंह के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है।
15 दिन की छुट्टी पर जेलर
जेलर चौहान हाल ही में 15 दिनों का छुट्टी लेकर कहीं चले गए। इधर जेल अधीक्षक अजमेर सिंह ठाकुर ने बताया कि चौहान ने अपने पिता के स्वास्थ्य का हवाला देकर अवकाश लिया है। उनका मोबाइल भी बंद है। बताया गया कि जेलर शुरू से ही अक्सर अवकाश लिया करते थे।