Edited By suman, Updated: 10 Sep, 2018 11:21 AM
मध्य प्रदेश सहित देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने भारत बंद का आह्वान किया है। भारत बंद को लेकर पूरे देश में कांग्रेस को कई अन्य विपक्षी द
उज्जैन : मध्य प्रदेश में भी भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है। भारत बंद को लेकर पूरे देश में कांग्रेस को कई अन्य विपक्षी दलों का भी साथ मिला है। आर्थिक राजधानी इंदौर में बंद के तहत स्कूल- कॉलेज, बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान के अलावा सारे पेट्रोल पंप बंद हैं। वहीं कई चौराहों पर काली पट्टी और काले कपड़े पहनकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। उज्जैन में बंद के दौरान कांग्रेसियों ने चिमनगंज मंडी के सामने पेट्रोल पंप पर की तोड़फोड़ की। उन्होंने नोजल निकाल कर फेंका। मौके पर पहुंची पुलिस से कांग्रेसियों की झड़प हो गई। इस दौरान कांग्रेस का एक कार्यकर्ता घायल हो गया।
वहीं राजधानी भोपाल में बंद को लेकर प्रदर्शन शुरू हो गया है। एमपी नगर स्थित बोर्ड ऑफिस चौराहे पर लोगों ने बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के चित्रों पर कालिख पोत कर विरोध जताया है। इसके अलावा जबलपुर में भी बंद का असर देखने को मिल रहा है। वहां कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल पंप संचालकों से भी बंद की अपील की है। ग्वालियर में बंद को देखते हुए धारा 144 लगाई गई है। वहां सुबह से ही शहर भर में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथ जोड़कर बंद कराने की अपील करने निकल पड़े हैं। ग्वालियर में बंद के मद्देनजर शहर में भारी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए हैं।