Edited By meena, Updated: 02 Sep, 2026 12:19 PM

जनपद पंचायत सांची के नजदीक की ग्राम पंचायत सालेरा में सरपंच के खिलाफ अविश्वास की चिंगारी अब प्रशासनिक चौखट तक पहुंच गई है। नाराज सैकड़ों ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे...
रायसेन (शिवलाल यादव) : जनपद पंचायत सांची के नजदीक की ग्राम पंचायत सालेरा में सरपंच के खिलाफ अविश्वास की चिंगारी अब प्रशासनिक चौखट तक पहुंच गई है। नाराज सैकड़ों ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम मनीष शर्मा को सरपंच खुमान सिंह आदिवासी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अविश्वास प्रस्ताव पारित होने का आवेदन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने सरपंच खुमान सिंह और पंचायत सचिव हिम्मत सिंह पर लाखों करोड़ों के विकास कार्यों की राशि हड़पने संबंधी भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन में आयोजित बैठक में 16 पंचों में से 13 पंच उपस्थित हुए। पंचों ने सरपंच खुमान सिंह को पद से हटाने के लिए सर्वसम्मति से अविश्वास प्रस्ताव का अनुमोदन किया। इसके बाद पंचनामा तैयार कर ग्रामीणों और पंचों ने तहसील कार्यालय परिसर पहुंचकर एसडीएम मनीष शर्मा को सौंपा।
लाखों करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार के लगाए आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच खुमान सिंह आदिवासी और पंचायत सचिव हिम्मत सिंह लोधी की मिलीभगत से पंचायत में भ्रष्टाचार कर लाखों करोड़ों रुपए की राशि निकाली गई है। आरोप है कि पंचायत के विकास कार्यों में अनियमितताएं की गईं और कई काम केवल कागजों में पूरे दिखाए गए। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक जिम्मेदारों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सरपंच और सचिव पंचायत के कार्यक्रमों और बैठकों में नियमित रूप से मौजूद नहीं रहते। इससे पंचायत के कामकाज में पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और खुमान सिंह सरपंच को पद से हटाने की मांग की है। साथ ही पंचायत सचिव हिम्मत सिंह लोधी पर भी दंडात्मक कार्रवाई की मांग उठी है।

एसडीएम बोले- आरोप सही मिले तो होगी कार्रवाई
आवेदन मिलने के बाद एसडीएम मनीष शर्मा ने ग्रामीणों को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरपंच और सचिव पर लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।