Edited By suman, Updated: 10 May, 2019 12:02 PM
जिले के ससुन्दरा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर उसकी सास और ननद ने केरोसिन डालकर आग लगा दी।आग में महिला 75 फीसदी से
बैतूल: जिले के ससुन्दरा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर उसकी सास और ननद ने केरोसिन डालकर आग लगा दी।आग में महिला 75 फीसदी से ज्यादा जल गई है। महिला का 5 साल का एक बच्चा है। हैरानी की बात यह है कि मासूम की आंखों के सामने उसकी मां को जिंदा जला दिया गया।
ये है पूरा घटनाक्रम
घटना के संबंध में पूछे जाने पर मासूम बच्चे ने बताया कि उसकी बुआ और दादी ने पहले उसकी मां को बुरी तरह से पीटा और फिर केरोसिन डालकर आग लगा दिया। महिला के चीखने पर उसका पति वहां पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। इधर, मामले में पीड़ित महिला के परिजनों की तरफ से दहेज प्रताड़ना की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल, महिला की हालत बेहद नाजुक है और उसे भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने जल्द ही मामले में खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है। पुलिस की मानें तो अब तक इस मामले में अलग-अलग बयान आने से कोई एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। बैतूल एडिशनल एसपी रामस्नेही मिश्र ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है।