पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल! SP समेत 3 अधिकारियों की नई पदस्थापना, देखें किसे कहां मिली जिम्मेदारी

Edited By meena, Updated: 07 Oct, 2026 02:14 PM

major reshuffle in the police department pandhurna sp transferred

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पांढुर्णा दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सामने आई चूक के बाद पुलिस अधीक्षक प्रकाशचंद्र परिहार का तबादला कर दिया गया है। राज्य शासन ने मंगलवार...

भोपाल (इजहार खान) : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पांढुर्णा दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सामने आई चूक के बाद पुलिस अधीक्षक प्रकाशचंद्र परिहार का तबादला कर दिया गया है। राज्य शासन ने मंगलवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी करते हुए परिहार को पांढुर्णा एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ किया है। उनके स्थान पर दूसरी वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर में सेनानी के पद पर पदस्थ विदिता धनखड़ को पांढुर्णा का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके साथ ही 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के हाल के पांढुर्णा दौरे के दौरान किसानों ने कम बारिश और फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाते हुए जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की थी। किसान हाथों में सूखी फसल लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद उनका काफिला आगे बढ़ रहा था, तभी प्रदर्शनकारी किसान काफिले के नजदीक पहुंच गए और काफिला करीब आधे घंटे तक प्रदर्शनकारियों के बीच फंसा रहा।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और काफिले को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सांदीपनि स्कूल परिसर में भी विरोध का मामला सामने आया था। विकास कार्यों से संबंधित बैठक और कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जब लौट रहे थे, उस समय कांग्रेस नेताओं ने उनके सामने पांढुर्णा को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग रखी थी। एक ही दौरे के दौरान दो स्थानों पर विरोध प्रदर्शन मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। दौरे के दो दिन बाद मंगलवार देर रात शासन ने तबादला आदेश जारी किया। हालांकि शासन के आदेश में तबादले की वजह का उल्लेख नहीं किया गया है। विदिता धनखड़ के सामने पांढुर्णा में कानून-व्यवस्था के साथ वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की चुनौती होगी। फिलहाल एसपी के अलावा किसी अन्य अधिकारी पर कारर्वाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

श्रुतकीर्ति सोमवंशी को अतिरिक्त जिम्मेदारी

इसके साथ ही 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है। वह अभी 13वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर के सेनानी हैं। उन्हें इसी के साथ 2री वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर के सेनानी पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!