Edited By Prashar, Updated: 20 Jul, 2018 01:26 PM
आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में बर्खास्त आईएएस दंपती अरविंद जोशी और टीनू जोशी के विदेश भागने की आशंका जताई गई है। इस आशंका के चलते लोकायुक्त पुलिस ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र लिख कर इन दोनों के पासपोर्ट नंबर दे दिए हैं। साथ ही, हवाई अड्डों पर...
भोपाल : आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में बर्खास्त आईएएस दंपती अरविंद जोशी और टीनू जोशी के विदेश भागने की आशंका जताई गई है। इस आशंका के चलते लोकायुक्त पुलिस ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र लिख कर इन दोनों के पासपोर्ट नंबर दे दिए हैं। साथ ही, हवाई अड्डों पर इन दोनों पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा गया है।
मध्य प्रदेश काडर के आईएएस अधिकारी अरविंद जोशी और पत्नी टीनू जोशी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति इकट्ठा करने का मुकदमा चल रहा है। दोनों के पास 2011 में करीब 41 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति पाई गई थी। इनके खिलाफ लोकायुक्त की विशेष अदालत में मुकदमा चल रहा है। मुकदमे में जोशी दंपती के अलावा अरविंद जोशी के माता-पिता, उनकी दोनों बहनें और कुछ प्रॉपर्टी डीलर और बीमा कारोबारी अभियुक्त हैं। लंबे समय से अदालत में पेश न होने के कारण अरविंद और टीनू के खिलाफ गिरफ्तारी वॉरंट जारी किए गए हैं। अदालत ने इन दोनों को 9 सितम्बर को अदालत में पेश करने का निर्देश दिया हैं।
लोकायुक्त पुलिस एक सप्ताह से इन दोनो की तलाश में देश के अलग-अलग शहरों में छापामारी कर रही है। भोपाल, दिल्ली, मुम्बई के अलावा गुआहाटी में भी इन्हें तलाशा गया है। लोकायुक्त पुलिस जोशी दंपती को पकड़ने के लिए अन्य एजेन्सियों की मदद भी ले रही है। लोकायुक्त पुलिस के एक वरिष्ट पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए जोशी दम्पती विदेश भाग सकते हैं। इसलिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को उनके पासपोर्ट नंबर दिये गए हैं। इसके अलावा अन्य जांच एजेन्सियों को भी आगाह किया गया है।