Edited By meena, Updated: 22 Jan, 2021 07:11 PM
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों वैज्ञानिक और तकनीकी संवर्ग के कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल के 13 वें दिन विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर हवन किया। इस हवन के पीछे कृषि अधिकारियों का मानना है कि इससे विश्वविद्यालय के अंदर...
ग्वालियर(अंकुर जैन): राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों वैज्ञानिक और तकनीकी संवर्ग के कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल के 13 वें दिन विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर हवन किया। इस हवन के पीछे कृषि अधिकारियों का मानना है कि इससे विश्वविद्यालय के अंदर बैठे कुलपति कुलसचिव सहित अन्य अधिकारियों को ईश्वर सद्बुद्धि देगा और उनकी मांगे मानने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
दरअसल अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कृषि विश्वविद्यालय के प्राध्यापक वैज्ञानिक और तकनीकी संवर्ग के अधिकारी 11 जनवरी से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने पहले एक सप्ताह तक काली पट्टी बांधकर काम किया।
बाद में उन्होंने 17 जनवरी से विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम जारी रखा हुआ है। लेकिन प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों का मानना है कि इससे विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ा है।
इसलिए उन्होंने ईश्वर को साक्षी मानकर जिम्मेदार लोगों को सद्बुद्धि देने के लिए इस हवन यज्ञ का आयोजन किया था। जिसमें पंडित द्वारा विधिवत रुप से हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के अधिकारी और तकनीकी संवर्ग के लोग सातवां वेतनमान देने और पदोन्नति अविलंब शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।