Edited By suman, Updated: 19 Nov, 2018 05:26 PM
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार सुबह सतना जिला मुख्यालय से लगभग 36 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध शक्तिपीठ मैहर में शारदा माता मंदिर में पूजा अर्चना की। शाह मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के सिलसिले में दौरे पर हैं। शाह के साथ प्रदेश...
सतना: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार सुबह सतना जिला मुख्यालय से लगभग 36 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध शक्तिपीठ मैहर में शारदा माता मंदिर में पूजा अर्चना की। शाह मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के सिलसिले में दौरे पर हैं। शाह के साथ प्रदेश BJP अध्यक्ष राकेश सिंह, सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह और BJP के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
BJP अध्यक्ष ने कल रात को मैहर में रोड शो किया और उसके बाद वह रात्रि में इस पवित्र नगरी में ही ठहरे थे। आज सुबह चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत से पहले शाह ने मैहर में त्रिकुटा पर्वत स्थित शारदा माता मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद वह नरसिंहपुर जिले में जनसभा को सम्बोधित करने के लिए रवाना हो गए।
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शाह पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में लगातार चुनावी सभाएं कर रहे हैं। BJP प्रदेश में पिछले 15 साल से सत्ता में है और लगातार चौथी बार सत्ता में आने के लिए चुनावी मैदान में है। पिछले 15 साल से कांग्रेस सत्ता से बाहर है और इस बार सत्ता में वापस आने के लिए जंगी प्रयास कर रही है।