Edited By meena, Updated: 29 Feb, 2020 06:19 PM
मध्य प्रदेश के श्योपुर के जिला अस्पताल(Sheopur district Hospital) में एक महिला ने एक साथ छ: बच्चों को जन्म दिया। इनमें से दो नवजात शिशुओं की सांसे थम गई। डॉक्टरों के मुताबिक करीब 35 मिनट में महिला ने सभी 6 बच्चों को जन्म दिया...
श्योपुर: मध्य प्रदेश के श्योपुर के जिला अस्पताल(Sheopur district Hospital) में एक महिला ने एक साथ छ: बच्चों को जन्म दिया। इनमें से दो नवजात शिशुओं की सांसे थम गई। डॉक्टरों के मुताबिक करीब 35 मिनट में महिला ने सभी 6 बच्चों को जन्म दिया, जिनमें 4 लड़के और 2 लड़कियां हैं। खात बात यह है कि महिला ने बिना सिजेरियन यानी नार्मल डिलीवरी (Normal delivery) से बच्चों को जन्म दिया। महिला की यह डिलीवरी समय से पहले ही हो गई है। बताया जा रहा है कि ऐसे मामलें बहुत कम देखने को मिलते हैं।
जानकारी के अनुसार, बड़ौदा निवासी मूर्ति (23) पत्नी विनोद माली को पहली डिलीवरी थी। प्रसव पीड़ा उठने के बाद शनिवार को उसे बड़ौदा अस्पताल से श्योपुर रेफर किया गया था। अस्पताल में जब महिला की जांच की गई तो पता चला कि मूर्ति के गर्भ में दो-तीन नहीं पूरे छह बच्चे हैं। यह पता लगते ही न सिर्फ मूर्ति और उसके परिजन बल्कि प्रसव कराने वाले डॉक्टर-नर्सों के भी पसीने आ गए। लेकिन कुछ ही देर में महिला ने बारी बारी छ: बच्चों को जन्म दिया। डॉक्टरों ने बताया कि नवजातों को वजन 450 ग्राम से लेकर 750 ग्राम तक था, इसलिए उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल एसएनसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। दोनों बच्चियां ही सबसे कमजोर थी, जिनका वजन पूरा 400 से 450 ग्राम था। उन्होंने इलाज के दौरान एसएनसीयू में ही दम तोड़ दिया, जबकि चार लड़को का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के छह में से दो शिशु जीवित नहीं बचे। बाकी के नवजातों व मां की हालत स्थिर बताई गई है।