Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Feb, 2025 11:30 PM

खंडवा में महिला ने पिया जहर हुई मौत
खंडवा। (मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में पारिवारिक विवाद में एक महिला ने जहर खा लिया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक महिला और उसकी बड़ी बहन का आपस में पारिवारिक विवाद था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए वह कोतवाली थाने में आई थी। जब बड़ी बहन थाने में आई तो पीछे से छोटी बहन भी थाने आ गई। साथ में वह कीटनाशक भी लेकर आई थी। बड़ी बहन पर दबाव बनाने के लिए थाना परिसर के मैदान में उसने जहर खा लिया। तुरंत ही पुलिस और बड़ी बहन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई । पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
यह मामला खंडवा शहर के चंपा नगर क्षेत्र का है। यहां बड़ी बहन के देवर के साथ छोटी बहन के अवैध संबंध थे। छोटी बहन की अन्य जगह शादी हो गई थी वहां भी उसका आना-जाना था। जब छोटी बहन बड़ी बहन के घर आती तो उसके देवर के साथ उसके संबंध होने को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। यह विवाद 6 महीने पहले भी कोतवाली थाने पहुंचा था । जब पुलिस ने समझौता करवा दिया था।
आज बड़ी बहन छोटी बहन को अपने घर से निकालने के लिए पुलिस थाने में शिकायत करने आई थी। इसी दौरान पीछे से छोटी बहन भी कोतवाली थाने पहुंच गई। वह अपने साथ कीटनाशक लेकर आई थी। दबाव बनाने के लिए उसने थाना परिसर मैदान में कीटनाशक पी लिया। जैसे ही पता चला तो बड़ी बहन और कुछ पुलिस वाले उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।