Edited By meena, Updated: 12 Mar, 2026 04:00 PM

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिला की विजयपुर विधानसभा क्षेत्र सीट को लेकर चल रहा राजनीतिक और कानूनी विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। कांग्रेस भाजपा में चल रही जद्दोजहद पर कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है...
विजयपुर : मध्य प्रदेश के श्योपुर जिला की विजयपुर विधानसभा क्षेत्र सीट को लेकर चल रहा राजनीतिक और कानूनी विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। कांग्रेस भाजपा में चल रही जद्दोजहद पर कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने अपने ही पहले दिए गए फैसले के अमल पर 15 दिनों के लिए रोक लगा दी है। इस आदेश के बाद फिलहाल कांग्रेस नेता मुकेश मल्होत्रा विजयपुर के विधायक बने रहेंगे। इससे पहले कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए भाजपा उम्मीदवार रामनिवास रावत को विधायक घोषित कर दिया था और मल्होत्रा की सदस्यता रद्द कर दी थी।
विवेक तन्खा ने दी जानकारी
राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने ट्वीट के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि विजयपुर विधान सभा के चुनाव याचिका में घोषित फैसले को 15 दिन के लिए हाईकोर्ट ने स्थगित कर दिया है। अर्थात् कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा को सर्वोच्च न्यायालय में अपील प्रस्तुत करके स्थगन आदेश प्राप्त करने का मौका प्रदान किया। यह स्थगन RP Act के प्रावधान अनुसार दिया गया।
विवेक तंखा की याचिका पर बड़ा फैसला
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर फैसले पर रोक लगाने की मांग की थी। इस पर सुनवाई करते हुए जस्टिस एस. जी. अहलूवालिया ने निर्णय के प्रभाव और अमल पर 15 दिनों के लिए रोक लगा दी। कोर्ट ने कहा कि यह रोक इसलिए दी गई है ताकि संबंधित पक्ष को आगे अपील करने का उचित अवसर मिल सके। इस आदेश से मुकेश मल्होत्रा को अब सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में अपील करने का समय मिल गया है।
उपचुनाव के बाद शुरू हुआ था विवाद
दरअसल विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा ने जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा के रामनिवास रावत को हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणाम के बाद रावत ने हाईकोर्ट में याचिका दायर करते हुए आरोप लगाया कि मल्होत्रा ने नामांकन के दौरान अपनी आपराधिक जानकारी छिपाई है। सुनवाई के बाद कोर्ट ने इन आरोपों को सही मानते हुए मल्होत्रा की विधायकी को शून्य घोषित कर दिया था और रावत को विजेता घोषित कर दिया था।
सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस
हाईकोर्ट के फैसले पर अस्थायी रोक लगने के बाद अब मामला फिर कानूनी प्रक्रिया में पहुंच गया है। कांग्रेस इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है। अगले कुछ दिनों में सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई होने की संभावना है। अंतिम फैसला आने तक विजयपुर सीट को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा जारी रहने की उम्मीद है और सभी की नजर अब सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर टिकी हुई है।