Edited By meena, Updated: 19 Oct, 2026 01:26 PM

बिसेन को यहां लोकभवन में आयोजित एक समारोह में उत्तराखंड के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई...
एमपी डेस्क : मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की। बिसेन को यहां लोकभवन में आयोजित एक समारोह में उत्तराखंड के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी तथा मुख्य सचिव आनंद बर्धन समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे ।
बिसेन ने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है जो पांच साल से अधिक समय तक प्रदेश के राज्यपाल रहे। बिसेन मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री और भाजपा के पूर्व सांसद रह चुके हैं ।
उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को बधाई दी है। सीएम धामी ने एक्स पर लिखा-"देवभूमि उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करने पर डॉ. ढाल सिंह बिसेन जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में आपकी नियुक्ति देवभूमि के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है. पूर्ण विश्वास है कि एक मार्गदर्शक के रूप में आपके लंबे राजनीतिक एवं प्रशासनिक अनुभवों का लाभ उत्तराखंड को मिलेगा. इसके साथ ही, जनसेवा और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति आपकी निष्ठा प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों को और सुदृढ़ करेगी. आपको सफल कार्यकाल की हार्दिक शुभकामनाएं."