Edited By meena, Updated: 17 Sep, 2026 02:03 PM

मध्य प्रदेश के बैतूल में पति पत्नी और वो को लेकर एक बेहद चौकाने वाली कहानी सामने आई है। यहां एक 73 साल के आदिवासी ने पत्नी से अवैध संबंध की बात सुनते ही नौकर की...
बैतूल (रामकिशोर पवार) : मध्य प्रदेश के बैतूल में पति पत्नी और वो को लेकर एक बेहद चौकाने वाली कहानी सामने आई है। यहां एक 73 साल के आदिवासी ने पत्नी से अवैध संबंध की बात सुनते ही नौकर की हत्या कर दी। थाना बैतूल बाजार पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्या है घटना
दिनांक 13.09.2026 को फरियादी तुलसीराम पिता बाका परते, उम्र 63 वर्ष, निवासी ग्राम निपानिया थाना झल्लार द्वारा थाना बैतूल बाजार में सूचना दी गई कि उनके सास-ससुर के घर में काम करने वाला नौकर नेहरू उईके पोला पर्व के दिन से लापता है। तलाश के दौरान घर के पास करेले की बेल में नेहरू उईके मृत अवस्था में मिला।
सूचना पर थाना बैतूल बाजार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की। घटनास्थल निरीक्षण, शव पंचनामा, साक्षियों एवं परिजनों के बयान एंव पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृतक की मौत की वजह सिर पर धारदार हथियार से आई चोटों के कारण होना पाया गया।

वैज्ञानिक साक्ष्यों से जांच को मिली दिशा
घटनास्थल गांव से लगभग 01 किलोमीटर दूर दुर्गम क्षेत्र में स्थित था यहां पहुंचने के लिए रास्ता भी खास नहीं था। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस द्वारा प्रकरण की गंभीरता से विवेचना की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार प्रभारी सीन ऑफ क्राइम निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का वैज्ञानिक पद्धति से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए तथा घटनास्थल की फोटोग्राफी कराई गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया अपराध
विवेचना के दौरान संदेही मुंदू मर्सकोले पिता रामू मर्सकोले, उम्र 73 वर्ष, निवासी ग्राम सरण्डई से मृतक नेहरू उईके की हत्या के संबंध में गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पोला पर्व के दिन नेहरू उईके शराब के नशे में उसकी पत्नी के संबंध में आपत्तिजनक बातें कर रहा था तथा उससे भी गलत तरीके से बात कर रहा था। इससे आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से नेहरू के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी के कथन के आधार पर मामले की जांच सही पाई गई। आरोपी के घर से घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी
आरोपी मुंदू मर्सकोले पिता रामू मर्सकोले, उम्र 73 वर्ष, निवासी ग्राम सरण्डई को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।