Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Sep, 2026 06:30 PM

थांदला के पूर्व भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता कलसिंह भाबर का एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है।
झाबुआ। थांदला के पूर्व भाजपा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता कलसिंह भाबर का एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है। वीडियो में वे अपने घर के पास दिखाई दिए करीब छह फीट लंबे सांप को खुद रेस्क्यू करते नजर आ रहे हैं। सांप को पकड़ने के दौरान वह उनके हाथ पर लिपट गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद परिजन कुछ देर के लिए घबरा गए। पत्नी और बेटे ने उन्हें बार-बार सांप से दूरी बनाए रखने की सलाह दी, लेकिन भाबर रेस्क्यू करने में जुटे रहे।
मामला शनिवार का बताया जा रहा है। कलसिंह भाबर अपने पैतृक गांव चैनपुरा में थे। इसी दौरान घर से लगे बगीचे और खेत की तरफ परिवार के लोगों की नजर एक बड़े सांप पर पड़ी। सांप की लंबाई करीब छह फीट होने के कारण परिवार में चिंता का माहौल बन गया। आसपास ग्रामीण इलाका होने से परिजन भी सतर्क हो गए।
रेस्क्यू किट मंगाकर खुद संभाली जिम्मेदारी
सांप को देखकर उसे सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए रेस्क्यू किट मंगाई गई। इसके बाद कलसिंह भाबर ने खुद सांप को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी। परिवार के सदस्य उन्हें ऐसा करने से रोकते रहे और सावधानी बरतने के लिए कहते रहे।
रेस्क्यू के दौरान सांप ने अचानक हरकत की और भाबर के हाथ पर लिपट गया। कुछ समय के लिए स्थिति मुश्किल हो गई। हालांकि उन्होंने संयम बनाए रखा। वहां मौजूद दो अन्य लोगों ने भी मदद की और सावधानी से सांप को उनके हाथ से अलग किया गया।
बोरी में सुरक्षित किया, फिर जंगल में छोड़ा
सांप को काबू में करने के बाद उसे टाट की बोरी में सुरक्षित रखा गया। इसके बाद उसे आबादी वाले इलाके से दूर जंगल के सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। इस तरह सांप को भी नुकसान नहीं पहुंचा और परिवार के आसपास मौजूद खतरा भी टल गया।
परिवार के मुताबिक चैनपुरा गांव में घर के आसपास खेत और बगीचे होने के कारण अक्सर सांप दिखाई देते हैं। इसी वजह से सुरक्षा के लिहाज से घर पर सांप रेस्क्यू करने वाली किट रखी जाती है। परिजनों का कहना है कि जब भी घर या आसपास कोई सांप दिखाई देता है, कलसिंह भाबर खुद उसे सुरक्षित तरीके से हटाने की कोशिश करते हैं। इस बार भी उन्होंने किसी को नुकसान पहुंचाए बिना सांप को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेस्क्यू के दौरान सांप के उनके हाथ पर लिपटने वाला हिस्सा लोगों के बीच खासा चर्चा में है।