Edited By meena, Updated: 10 Nov, 2026 09:28 PM

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को गुना में एक अनौपचारिक चर्चा के दौरान राजनीति, धर्म, और आगामी चुनावों को...
गुना (मिस्बाह नूर) : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को गुना में एक अनौपचारिक चर्चा के दौरान राजनीति, धर्म, और आगामी चुनावों को लेकर खुलकर कई बड़े बयान दिए हैं। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि मध्य प्रदेश में आगामी 2028 का विधानसभा चुनाव पार्टी के प्रमुख नेताओं उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। साथ ही उन्होंने भाजपा की विचारधारा, किसानों की समस्याओं और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी।
भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा का सनातन हिंदुत्व नहीं है, बल्कि उनका सावरकर हिंदुत्व है और सावरकर का हिंदुत्व समाज को बांटने का काम करता है। सोनिया गांधी की हालिया किताब पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करके अपना बड़प्पन दिखाया है। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस और भाजपा की विचारधारा कभी मेल नहीं खाई हो, लेकिन एक सामान्य परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री बनने वाले व्यक्ति के संघर्ष की सराहना करना बड़प्पन को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की कोई गुटबाजी नहीं है।
मध्य प्रदेश में किसानों की बिजली समस्या और सिंधिया पर तंज
प्रदेश के किसानों की बदहाली पर गहरा आक्रोश जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर इशारा करते हुए कहा कि जब सांसद और केंद्र सरकार के मंत्री यहीं के हैं, तो किसानों की सुध क्यों नहीं ली जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ किसानों की इस लड़ाई को लड़ेगी। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि गुना जिले में यदि कहीं भी अवैध कब्जा हुआ है, तो उसे हटाने की पूरी जवाबदेही वर्तमान भाजपा सरकार की है।
धीरेंद्र शास्त्री से जिसने कथा कराई वह चुनाव हार गया
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे भगवान कृष्ण पर दी गई उनकी टिप्पणी से बिल्कुल सहमत नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि धीरेंद्र शास्त्री के पास लोगों के मन की बात भांपने या दिमाग पढ़ने की क्षमता है, लेकिन साथ ही तंज कसते हुए यह भी जोड़ा कि जिन-जिन नेताओं ने उनके यहां कथा कराई थी, वे सभी चुनाव हार गए।
एसआईआर पर योगी आदित्यनाथ का किया समर्थन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा एसआईआर को लेकर जताई गई आपत्ति का समर्थन करते हुए दिग्विजय सिंह ने मांग की कि इसे समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार को देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर किसके आदेश पर एसआईआर की प्रक्रिया कराई जा रही है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों के संबंध में उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना भी जताई।
मेरी यात्रा का चुनाव से संबंध नहीं
भाजपा के एक चर्चित नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के नारे इस बात को पूरी तरह स्पष्ट करते हैं कि भाजपा का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी आगामी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' को लेकर स्थिति साफ करते हुए कहा कि उनकी इस यात्रा का किसी भी चुनाव से कोई सीधा संबंध नहीं है।