Edited By Himansh sharma, Updated: 23 Feb, 2024 05:56 PM
हसुन के लगातार बढ़ रहे दाम अब किसानों के लिए फायदे का सौदा भी साबित हो रहे हैं।
उज्जैन। लहसुन के लगातार बढ़ रहे दाम अब किसानों के लिए फायदे का सौदा भी साबित हो रहे हैं। लहसुन के दामों को देखकर अब चोरों की नजर भी लहसुन के खेतों पर है। उज्जैन के मंगरौला गांव के किसान लहसुन चोरी होने के डर से बंदूक लेकर अपने खेतों पर बैठ गए हैं और लहसुन के खेतों पर नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही किसानों ने सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं। जिससे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में लहसुन के खेत 24 घंटे रहेंगे।
लहसुन के दाम बढ़ गए तो उज्जैन के खाचरोद तहसील क्षेत्र के गांव कलालिया में किसान संजय शाह के खेत से लहसुन चोरी हो गया था जिसके बाद अब किसान अपने खेतों में बंदूक लेकर बैठे हैं। इसके साथ ही किसानों ने अपने खेत में कुत्ते भी छोड़ रखे हैं। ताकि अगर कोई खेत में घुसे तो कुत्ते उस पर हमला कर दें।
किसानों ने कहा कि लहसुन की फसल पूरी तरह से तैयार है , चोरों के डर के कारण यहां पर हम मौजूद रहते हैं। किसानों का कहना है कि लहसुन का दाम बहुत ज्यादा बढ़ गया है इसलिए अब चोरों की नजर भी लहसुन के खेत पर है। इस कारण यहां पर हम चौकीदारी कर रहे हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगा रखे हैं। गीला लहसुन 15 हजार रुपए क्विंटल और सूखा लहसुन 40 हजार रुपए क्विंटल तक बिक रहा है।