Edited By shahil sharma, Updated: 29 Jan, 2021 08:20 PM
नगर निगम के कर्मचारियों की ऐसी शर्मनाक करतूत सामने आई है, जिसको देखकर किसी के भी आंख से आंसू निकल आएं। यहां नगर निगम के कर्मचारी भरी ठंड में बेसहारा बुजुर्गों को इंदौर की सीमा से बाहर छोड़ रहे हैं। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।...
इंदौर (सचिन बहरानी): नगर निगम के कर्मचारियों की ऐसी शर्मनाक करतूत सामने आई है, जिसको देखकर किसी के भी आंख से आंसू निकल आएं। यहां नगर निगम के कर्मचारी भरी ठंड में बेसहारा बुजुर्गों को इंदौर की सीमा से बाहर छोड़ रहे हैं। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर का है। वीडियो में दिख रहे लोग नगर निगम के हैं, जिन्होंने शहर को सफाई में नंबर वन बनाने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि वीडियो को देख यकीन नहीं हो रहा है कि यह अमानवीय चेहरा नगर निगम कर्मियों का है। आरोप है कि इंदौर के वृद्ध भिखारियों को निगम के डंपर में भरकर शिप्रा सीमा पर छोड़ा जा रहा था, लेकिन सड़क पर उतारते वक्त गांव के लोगों ने घेर लिया और उन्हें वापस ट्रक में बिठा दिया।
तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो से नगर निगम के अधिकारियों के भी होश उड़ गए हैं। देश के सबसे साफ शहर में बुजुर्गों के साथ हुई ये घटना शहर पर एक बड़ा दाग लगा रही है। अधिकारियों की नजरों में भी इस घटना को बेहद शर्मनाक है, लेकिन बुजुर्ग लोगों को शहर से बाहर ले जाने के किसने निर्देश दिए ये जांच का विषय है, लेकिन निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने आनन-फानन में दो कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। निगमायुक्त ने कर्मी ब्रजेश लश्करी और विश्वास वाजपेयी को सस्पेंड किया है। निगम कमिश्नर ने साफ किया है कि मामला संवेदनशील है और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निगमायुक्त ने एक टीम को बुजुर्ग लोगों की तलाश में रवाना किया जिसमें से कुछ बुजुर्ग शहर की सीमा से सटे ग्रामीण इलाकों में मिले हैं। एक तरफ जहां इंदौर शहर ने स्वच्छता में लगातार चौका लगाकर देशभर में परचम लहराया है। वहीं, निगम कर्मियों की ऐसी लापरवाही शहर को शर्मसार कर रही है। ऐसे में जरूरी है की दोषी निगमकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि इस तरह की घटना दोबारा न देखने को मिले।