Edited By meena, Updated: 22 Mar, 2024 07:27 PM
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की शराब घोटाले में ईडी...
रायपुर: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल की शराब घोटाले में ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को रायपुर में आप नेताओं ने प्रदर्शन किया। पार्टी के लगभग 100 नेता और कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और राष्ट्रीय ध्वज लेकर शहर के आंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई की सचिव प्रियंका शुक्ला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा, ‘‘वे 'एक राष्ट्र, एक पार्टी' चाहते हैं। वह एक तानाशाह की तरह सरकार चलाना चाहते हैं जिसमें वे सब कुछ नियंत्रित कर सकें।''
शुक्ला ने कहा, ''केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार दिल्ली के लोगों के जनादेश के साथ पूर्ण बहुमत के साथ तीन बार चुनी गई। उनकी गिरफ्तारी न केवल केजरीवाल पर हमला है बल्कि यह दिल्ली के लोगों, एक विचारधारा और लोकतंत्र पर हमला है।'' उन्होंने कहा, ''जो विपक्षी नेता उनके (भाजपा) खिलाफ आवाज उठाते हैं और उनके सामने सिर झुकाने से इनकार करते हैं, उन्हें जेल भेजा जा रहा है।''
शुक्ला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंट दिया है और उसे सलाखों के पीछे डाल दिया है। आप नेता ने कहा, ‘‘यदि भाजपा विपक्ष के बिना चुनाव लड़ना चाहती है तो उन्हें हमें घर बैठने के लिए कहना चाहिए। वे सिर्फ अकेले चुनाव लड़ना और जीतना चाहते हैं।''
आप के प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में पुलिस एक्टिव हो गई। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल ने नेताओं को समझाइश दी और आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए विरोध प्रदर्शन नहीं करने के लिए कहा। तब प्रदर्शनकारियों ने वहां से जाना शुरू कर दिया।