Edited By Himansh sharma, Updated: 10 Mar, 2024 01:43 PM
गुना जिले में नेशनल हाइवे क्रमांक 46 पर रविवार सुबह हुई कार दुर्घटना में उत्तरप्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री की मौत हो गई।
गुना। (मिसबाह नूर): मध्य प्रदेश के गुना जिले में नेशनल हाइवे क्रमांक 46 पर रविवार सुबह हुई कार दुर्घटना में उत्तरप्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री की मौत हो गई। वहीं 4 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर गुना जिला अस्पताल में भाजपा नेताओं, अखिल भारतीय विद्यार्थी सहित तमाम संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ता पहुंच गए हैं। जानकारी सामने आई है कि आगरा निवासी भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री संजीव भारद्वाज और उनके 6 साथी उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे।
गुना जिले से गुजरी पार्वती नदी पार करते ही दोनों टायर फटने की वजह से कार पलट गई। दुर्घटना में संजीव भारद्वाज सहित 4 लोगों को गंभीर चोट आई थी। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां संजीव भारद्वाज की मौत हो गई। वहीं आगरा के रहने वाले भाजपा से जुड़े नेता व कार्यकर्ता श्रवण कश्यप, मुकुल फौजदार, पुष्पेंद्र यादव, शैलेंद्र घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि संजीव भारद्वाज उत्तरप्रदेश भाजपा के बड़े नेताओं में शुमार हैं। आगरा का क्षेत्रीय कार्यालय प्रदेश के 32 जिलों की अगुवाई करता है।
उनके दुखद निधन से भाजपा के स्थानीय नेता भी हतप्रभ रह गए। सूचना मिलने पर जिला अस्पताल में नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। यह हादसा पार्वती नदी के पास हुआ। इस हादसे में कार में बैठे सभी लोगों के चोट आई है।