Edited By Vikas kumar, Updated: 28 Dec, 2018 10:27 AM
कांग्रेस में मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण के बाद हंगामा मचा हुआ है। मंत्री पद न मिलने पर पार्टी से नाराज विधायक वंशवाद का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की धमकी दे रहे हैं। इस क्रम में इंदौर के बदना....
इंदौर: कांग्रेस में मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण के बाद हंगामा मचा हुआ है। मंत्री पद न मिलने पर पार्टी से नाराज विधायक वंशवाद का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की धमकी दे रहे हैं। इसी क्रम में इंदौर के बदनावर से कांग्रेस विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने पार्टी पर वंशवाद का आरोप लगाया है और इस्तीफा देने की धमकी भी दी है।
मंत्री न बनाए जाने से नाराज बदनावर विधानसभा से विधायक राजवर्धन सिंह ने कहा है कि 'कांग्रेस में आज भी वंशवाद व गुटीय राजनीति हावी है। वंशवाद की राजनीति ने उनका हक छीन लिया है। मेरे साथ अन्याय हुआ और मैं इसका जवाब इस्तीफा देकर दूंगा। मैं भी अगर किसी पूर्व मुख्यमंत्री या बड़े नेता का बेटा या रिश्तेदार होता तो आज मंत्री बन जाता। ऐसे ही लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, जिनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि सत्ता में रहने की रही है। क्या मेरा यह कसूर रहा कि मतगणना के बाद निर्वाचन का प्रमाण पत्र लेते ही मैं इस अल्पमत की सरकार के लिए दो निर्दलीय विधायकों को लेकर आया। ये बिंदू हो सकते हैं, जिनके कारण मुझे अयोग्य समझा गया।'
बता दें कि मंगलवार को ही कमलनाथ मंत्रिमंडल का गठन हुआ। लेकिन इसके बाद से ही पार्टी में बगावती स्वर उठने लगे हैं। नाराज विधायकों की लिस्ट में केपी सिंह, हीरालाल अलावा, बिसाहूलाल सिंह और अब राजवर्धन सिंह भी शामिल हो गए हैं। सूत्रों से इस बात का पता चला है कि नाराज विधायक दिल्ली जाकर राहुल गांधी से बात करने वाले हैं।