Edited By Jagdev Singh, Updated: 07 Apr, 2020 04:52 PM
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए जबलपुर जिले के कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि अपने किसी भी वाहन से बिना अनुमति बाहर घूमने वालों का लाइसेंस रद्द होगा और इसके साथ उन पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी.............
जबलपुर: मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए जबलपुर जिले के कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि अपने किसी भी वाहन से बिना अनुमति बाहर घूमने वालों का लाइसेंस रद्द होगा और इसके साथ उन पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। राजधानी भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ जबलपुर की एक वरिष्ठ महिला डाॅक्टर कोरोना पाॅजिटिव पाई गई हैं।
हैल्थ डायरेक्टर के पद काम कर रहीं डाॅक्टर को कोरोना पाॅजिटिव पाए जाने के बाद भोपाल में ही क्वारेंटाईन कर दिया गया है। कोरोना पाॅजिटिव पाई गईं महिला डाॅक्टर बीती 16 मार्च को अपने पैतृक निवास जबलपुर भी आईं थीं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने ऐहतियात बरतते हुए महिला डाॅक्टर के जबलपुर निवासी परिजनों के भी सैंपल लिए हैं। साथ ही महिला डाॅक्टर के परिजनों को उनके घर पर ही क्वारेंटाईन किया गया है।
जबलपुर कलेक्टर भरत यादव ने बताया है कि अब स्वास्थ्य विभाग का अमला महिला डाॅक्टर के परिजनों की सेहत पर निगरानी रखेगा और अगर उनमें कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं तो उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया जाएगा। जबलपुर में सेवाएं देने इंदौर से आए कुछ डाॅक्टर्स को भी अस्पताल में क्वारेंटाईन किया गया है। इंदौर से लौटे डाॅक्टर्स में अगर 14 दिन की अवधि में कोरोना के कोई सिमटम्स नहीं दिखते हैं तो उनकी सेवाएं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जबलपुर में ली जाएंगी।
जबलपुर कलेक्टर भरत यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कोरोना पाॅजिटिव मरीजों की सेहत में सुधार हुआ है। जबलपुर में कुल 8 मरीज कोरोना पाॅजिटिव पाए गए थे जिनमें से 3 मरीजों को ठीक होने पर आज, अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि बाकी 4 मरीजों की सेहत में भी सुधार हुआ है जिससे आने वाले दिनों में उन्हें भी अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है।