Edited By Vikas kumar, Updated: 01 Jan, 2019 12:04 PM
प्रदेश सरकार में पशुपालन मंत्री लाखन सिंह नव वर्ष के चलते ग्वालियर पहुंचे। सिंह के स्वागत के लिए ग्वालियर स्टेशन पर कार्यकर्ताओं की जबरदस्त भीड़ थी। जिले की भितरवार सीट से चुनकर...
ग्वालियर: प्रदेश सरकार में पशुपालन मंत्री लाखन सिंह नव वर्ष के चलते ग्वालियर पहुंचे। सिंह के स्वागत के लिए ग्वालियर स्टेशन पर कार्यकर्ताओं की जबरदस्त भीड़ थी। जिले की भितरवार सीट से चुनकर विधानसभा पहुंचे मंत्री लाखन सिंह के समर्थकों में सर्वाधिक संख्या ग्रामीणों की थी। लाखन सिंह सोमवार की रात मिलेनियम एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे। स्टेशन में समर्थकों की भीड़ ज्यादा होने से हालात बेकाबू हो गए। सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मी भी बेबस दिखाई दिए। लगभग दो घंटे तक स्टेशन के अन्दर और बाहर अफरातफरी का माहौल रहा जिसके चलते कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई। इस बीच मौके का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने कई यात्रियों की जेब भी काट ली।
जब लाखन सिंह का काफिला स्टेशन से बाहर निकला तो समर्थकों की भीड़ के चलते सड़क पर जाम लग गया। जगह-जगह मंत्री लाखन सिंह के स्वागत के लिए मंच बनाए गए थे। इस बीच मंत्री लाखन सिंह फूलबाग गुरुद्वारे पर मत्था टेका। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर स्व. माधव राव सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।