Edited By meena, Updated: 16 Nov, 2023 05:50 PM
17 नवंबर यानी कल शुक्रवार को मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है
भोपाल(विवान तिवारी): 17 नवंबर यानी कल शुक्रवार को मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता निभाते हुए अपना मतदान करने का आह्वान किया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि 17 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर शत-प्रतिशत मतदान कर भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभायें। उन्होंने कहा कि नागरिक समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं के संवाहक हैं। मतदाताओं के सक्रिय सहभागिता से ही लोकतंत्र परिष्कृत और समृद्ध बनता है। मतदान से लोकतांत्रिक परंपरा को और अधिक समृद्ध बनाने और संवैधानिक कर्त्तव्य निभाने का एक और अवसर मिला है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने कहा है कि लोकतंत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण सोपान है। निर्वाचन प्रक्रिया में राज्य के प्रत्येक मतदाता का मत महत्वपूर्ण है। विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए 17 नवंबर को मतदान है। उन्होंने राज्य के प्रत्येक मतदाता से स्वतंत्र और निर्भीक होकर मतदान अवश्य करने की अपील की है। राजन ने कहा है कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को सहज, सुगम और समावेशी बनाने के लिए प्रदेश में पहली बार मतदान में मुख्य रूप से दिव्यांग एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाए प्रदान की गई हैं। इन मतदाताओं को घर से मतदान करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। सक्षम एप के माध्यम से कोई भी दिव्यांग मतदाता अपने लिए व्हीलचेयर या अन्य सहायक उपकरण के लिए अनुरोध कर सकते हैं। बुजुर्गों को कतार में न लगाना पड़े, इसके लिए उन्हें पहले मतदान करने की सुविधा दी जा रही है। सभी मतदान केंद्रों पर छाया, पीने के पानी एवं शौचालय की समुचित व्यवस्थायें की गई हैं।