Edited By meena, Updated: 17 Aug, 2023 12:59 PM
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की आज पांचवी पुण्यतिथि है। इस मौके पर देश भर में अटल जी को याद किया जा रहा
ग्वालियर(अंकुर जैन): पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आज पांचवी पुण्यतिथि है। इस मौके पर देश भर में अटल जी को याद किया जा रहा है। ग्वालियर के कमल सिंह का बाग में स्वर्गीय अटल जी का पैतृक निवास है जहां आज सुबह से ही लोगों का तांता लगा हुआ है। जनप्रतिनिधियों के साथ ही आम लोग यहां अटल जी को पुष्पांजलि देने के लिए पहुंच रहे हैं। अटल जी के व्यक्तित्व के चलते न सिर्फ भाजपा ही बल्कि कांग्रेसी भी बड़ी तादाद में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचे हैं। ग्वालियर की महापौर शोभा सिकरवार ने कहा कि अटल जी ने हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास किया है। यही वजह है कि आज पूरा देश उन्हें नमन कर रहा है।
आपको बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी का बचपन कमल सिंह का बाग की गलियों में गुजरा है। अटल जी छात्र राजनीति से लेकर देश के शीर्ष पद तक पहुंचे। भारत को परमाणु शक्ति बनाने में अटल जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यही वजह है कि वे न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया भर में शीर्ष नेताओं में गिने जाते हैं। भारत सरकार ने अटल जी को भारत रत्न से भी नवाजा है। 16 अगस्त 2018 के अटल जी ने अंतिम सांस ली थी।