Edited By meena, Updated: 14 Aug, 2023 07:49 PM
सावन महीने के छठे सोमवार पर पूर्व सीएम कमलनाथ महाकाल मंदिर पहुंचे...
उज्जैन (विशाल सिंह): सावन महीने के छठे सोमवार पर पूर्व सीएम कमलनाथ महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेकर महाकाल की सवारी का पूजन भी किया। इस मौके पर कमलनाथ ने कहा कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक महाकाल लोक में होगी। उन्होंने बीजेपी द्वारा चुनावी हिन्दू बताने के सवाल पर कहा कि क्या उन्होंने धर्म की एजेंसी ले रखी है।
सावन महीने के सोमवार को महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन और सोमवार निकलने वाली बाबा की सवारी में शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी, तो कैबिनेट की पहली बैठक महाकाल लोक में होगी। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बगैर कहा कि मैं महाकाल दर्शन करने जाऊं तो उनके पेट में दर्द होता है। क्या उन्होंने धर्म की एजेंसी ली हुई है?
कमलनाथ ने कहा कि बाबा महाकाल से यही प्रार्थना की है कि प्रदेश को भ्रष्टाचार और भारतीय जनता पार्टी से मुक्ति दिलाएं। यहां हर चीज में भ्रष्टाचार है। इन्होंने (भाजपा) ने महाकाल को भी नहीं छोड़ा। 50 प्रतिशत कमीशन की सरकार है। पिछले 5 से सात महीने में इन्होंने बड़े ठेके दिए, ताकि कमीशन मिल सके। इनका उद्देश्य है कि आखिरी समय में जितना हो सके, समेट लो। कमलनाथ ने कहा कि सीएम शिवराज की घोषणा झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है। 18 साल बाद सरकार को संविदा, बहनों और किसान याद आ रहे हैं। सरकार ने 3 लाख 30 करोड़ का कर्ज लिया, इससे किसको फायदा हुआ। नाथ ने महाकाल ने लोक में हुए भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया और उन्होंने कहा की सबकी जांच होगी।