Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Oct, 2026 12:32 PM

मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रदीप सोनी ने जीत दर्ज की है।
आगर-मालवा। मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रदीप सोनी ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विष्णु पाटीदार को 960 मतों के अंतर से पराजित किया। नतीजे सामने आते ही भाजपा समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच समर्थकों ने विजयी प्रत्याशी का स्वागत किया। इस दौरान जेसीबी मशीन से फूल बरसाकर जीत का जश्न मनाया गया।
सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद का यह उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए अहम माना जा रहा था। चुनाव में भाजपा ने प्रदीप सोनी पर भरोसा जताया था, जबकि कांग्रेस की ओर से विष्णु पाटीदार मैदान में थे। मतगणना पूरी होने के बाद प्रदीप सोनी ने 960 मतों की निर्णायक बढ़त के साथ जीत अपने नाम कर ली।
75.96 प्रतिशत मतदाताओं ने किया था मतदान
सुसनेर नगर परिषद के 15 वार्डों में कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए थे। यहां मतदान के दौरान मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला था। कुल 13,843 मतदाताओं में से 10,515 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह चुनाव में 75.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब मतगणना के परिणाम ने नगर परिषद की राजनीति में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत पर मुहर लगा दी है।

जीत के बाद जेसीबी से बरसाए फूल
परिणाम घोषित होते ही प्रदीप सोनी के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का उत्साह दिखाई दिया। समर्थकों ने जेसीबी मशीन के जरिए फूलों की बारिश कर विजयी प्रत्याशी का स्वागत किया। जीत के जश्न के वीडियो और तस्वीरें भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी बधाई
सुसनेर में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रसन्नता जताते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदीप सोनी को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सुसनेर में खिला विकास का कमल।'
उन्होंने आगे कहा कि सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी को विजयश्री प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह विजय जनता के विश्वास और भाजपा की विकास एवं जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है।
मुख्यमंत्री ने इस जीत के लिए सुसनेर की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को भी बधाई दी।
नगर परिषद अध्यक्ष पद के इस उपचुनाव के परिणाम के बाद सुसनेर की स्थानीय राजनीति में भाजपा समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार को 960 मतों से मिली हार के बाद चुनावी नतीजे स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी चर्चा में हैं।