Edited By Himansh sharma, Updated: 13 Nov, 2026 07:47 PM

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक छात्रावास अधीक्षक को रंगे हाथों ट्रैप किया है।
सीधी (सूरज शुक्ला): मध्य प्रदेश के सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते एक छात्रावास अधीक्षक को रंगे हाथों ट्रैप किया है। कार्रवाई के दौरान छात्रावास पतुलखी में पदस्थ अधीक्षक रामदरस द्विवेदी को पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि अधीक्षक ने नियमितीकरण के नाम पर संबंधित व्यक्ति से रिश्वत की रकम मांगी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियमितीकरण को लेकर आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग के समक्ष आवेदन दिया गया था। इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत EOW तक पहुंची थी। शिकायत की जांच के बाद EOW रीवा की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और हाउसिंग बोर्ड स्थित अधीक्षक के आवास पर दबिश देकर उन्हें रिश्वत लेते हुए ट्रैप कर लिया।
पूरी कार्रवाई EOW के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पहुंची करीब 15 सदस्यीय टीम द्वारा की गई। अधीक्षक के आवास पर कार्रवाई पूरी करने के बाद EOW की टीम आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए उच्च विश्राम गृह पहुंची ।
गौरतलब है कि जिले में लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद अब EOW की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल EOW की टीम मामले की विस्तृत जांच और आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।