Edited By Himansh sharma, Updated: 21 Nov, 2026 04:26 PM

जिले में देवउठनी ग्यारस (छोटी दिवाली) के दौरान शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात आतिशबाजी के दौरान चार अलग-अलग हादसे हो गए।
छतरपुर। (राजेश चौरसिया): जिले में देवउठनी ग्यारस (छोटी दिवाली) के दौरान शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात आतिशबाजी के दौरान चार अलग-अलग हादसे हो गए। इन घटनाओं में दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक और एक युवती भी शामिल हैं। पटाखे फटने से दोनों बच्चों के चेहरे और आंखों पर चोट आई है, जबकि युवक और युवती के हाथों की उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बर्न वार्ड में उनका इलाज चल रहा है।
पटाखा चेहरे पर फटने से दो बच्चे घायल
पहला मामला बजरंग नगर कॉलोनी का है। यहां रहने वाला 11 वर्षीय यश दुबे कक्षा पांचवीं का छात्र है। यश ने बताया कि रात में आसपास पटाखे चलाए जा रहे थे। वह पास में खड़ा था, तभी एक पटाखा उसके चेहरे के पास आकर फट गया। हादसे में उसके चेहरे और आंख में चोट आई है। यश के मुताबिक, घटना के बाद से उसे आंख से कम दिखाई दे रहा है।
दूसरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सौरा रोड का है। यहां रहने वाले 10 वर्षीय अरशद खान पिता पप्पू खान ने बताया कि उसकी दीदी और उनकी सहेलियां पटाखे चला रही थीं। वह उनके पास ही खड़ा था, तभी अचानक एक पटाखा उसके चेहरे के पास फट गया। इससे उसके चेहरे पर चोट आई।
स्काई शॉट चलाते समय युवती के हाथ में फटा पटाखा
तीसरा मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र का है। नगर महाराजपुर निवासी 20 वर्षीय मौली सोनी ने बताया कि वह रात में स्काई शॉट पटाखा चला रही थी। इसी दौरान पटाखा उसके हाथ में ही फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि उसके हाथ की उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
युवक के हाथ में पटाखा फटने से उंगलियां क्षतिग्रस्त
चौथा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की देरी रोड स्थित विद्यापुरम कॉलोनी का है। यहां रहने वाले 22 वर्षीय सचिन अहिरवार पिता बुद्ध प्रकाश अहिरवार रात में पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में ही पटाखा फट गया, जिससे उनके हाथ और उंगलियों में गंभीर चोट आई। सचिन की बहन सीता अहिरवार ने बताया कि हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आतिशबाजी के दौरान लापरवाही बनी हादसों की वजह
देवउठनी ग्यारस पर आतिशबाजी के दौरान हुए इन चार हादसों ने पटाखे चलाते समय सुरक्षा और सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है। बच्चों के आसपास पटाखे चलाना और हाथ में रखकर आतिशबाजी करना गंभीर हादसों का कारण बन सकता है। ऐसे में पटाखे चलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखना और बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने देना बेहद जरूरी है।