Edited By meena, Updated: 09 Apr, 2024 04:24 PM
लोकसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश में दलबदल का दौर जारी है। कांग्रेस को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं...
मैहर: लोकसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश में दलबदल का दौर जारी है। कांग्रेस को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। लगातार कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश मुखिया डॉ मोहन यादव आज एक दिवसीय दौरे पर मैहर पहुंचे। जहां पहुंचते ही विंध्य में कांग्रेस को एक बड़ा झटका देते हुए पूर्व महापौर को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
मैहर में आयोजित सभा के दौरान सीएम मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला की मौजूदगी में सतना के 2019 में लोकसभा के प्रत्याशी व सतना के पूर्व महापौर राजाराम त्रिपाठी ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। गौरतलब है कि कल राहुल गांधी विंध्य के शहडोल दौरे पर थे। आज इस दौरान भाजपा ने कांग्रेस को विंध्य में एक बड़ा झटका दे दिया, भागदौड़ के बीच अब सतना में कांग्रेस में अंतर्कलह नजर आना शुरू हो गई है।
आज मैहर में आयोजित सीएम की सभा में पूर्व महापौर के साथ नागोद ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण पांडेय एव मैहर ब्लाक कांग्रेस के कद्दावर नेता विष्णु दत्त पांडेय ने भी समर्थकों संग भाजपा की सदस्यता ग्रहण की हैं। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रहे राजाराम त्रिपाठी को 2019 में कांग्रेस पार्टी ने अपना लोक सभा प्रत्याशी बनाया था, सवा तीन लाख कांग्रेस को मत मिले थे, वे बीजेपी के गणेश सिंह से पराजित हुए थे।