Edited By Himansh sharma, Updated: 13 Apr, 2026 03:13 PM

अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई अहम वार्ता के विफल होने का असर अब कमोडिटी बाजार में साफ नजर आने लगा है।
Gold Silver Price Today: अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई अहम वार्ता के विफल होने का असर अब कमोडिटी बाजार में साफ नजर आने लगा है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोना और चांदी दोनों में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों में हलचल मच गई है।
घरेलू वायदा बाजार में सोने की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार के दौरान सोना 1156 रुपये लुढ़ककर 1,51,496 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह गिरावट बाजार में बढ़ती अनिश्चितता और निवेशकों की सतर्कता को दर्शाती है।
वहीं, चांदी की बात करें तो इसमें भी जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी 5056 रुपये यानी करीब 2.08 फीसदी टूटकर 2,38,076 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती नजर आई।
वैश्विक बाजार का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। कॉमेक्स पर सोना करीब 1 फीसदी गिरकर 4739.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि स्पॉट गोल्ड भी गिरावट के साथ 4714.32 डॉलर प्रति औंस के आसपास ट्रेड कर रहा है।
चांदी की वैश्विक कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। कॉमेक्स पर चांदी 2.65 फीसदी गिरकर 74.53 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि स्पॉट सिल्वर भी करीब 2 फीसदी गिरावट के साथ 74.29 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है।
कच्चे तेल में उछाल बना वजह
मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार उछाल आया है। WTI क्रूड 8.66 फीसदी चढ़कर 104.9 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड भी 102.3 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भू-राजनीतिक तनाव और तेल की कीमतों में तेजी का सीधा असर कमोडिटी बाजार पर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में सोना-चांदी की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
निवेशकों के लिए संकेत
मौजूदा हालात में बाजार काफी संवेदनशील बना हुआ है। ऐसे में निवेशकों को सावधानी बरतने और जल्दबाजी में फैसले लेने से बचने की सलाह दी जा रही है।