MP में पूर्व IAS और BJP MLA के बीच तीखी बहस, भरे मंच पर दिग्गजों की मौजूदगी में गर्माया माहौल

Edited By Desh Raj, Updated: 16 Nov, 2026 11:37 PM

heated debate between former ias and bjp mla

राजधानी के भविष्य की तस्वीर तय करने वाले मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर आपत्तियों की सुनवाई शुरू होते ही सियासी और प्रशासनिक बहस तेज हो गई। सोमवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में आयोजित

भोपाल (इजहार खान): राजधानी के भविष्य की तस्वीर तय करने वाले मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर आपत्तियों की सुनवाई शुरू होते ही सियासी और प्रशासनिक बहस तेज हो गई। सोमवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में आयोजित सुनवाई के दौरान प्रस्तावित पश्चिमी बायपास को लेकर पूर्व IAS अधिकारी कवीन्द्र कियावत और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच हुई तीखी नोकझोंक सुनवाई का प्रमुख चर्चा का विषय रही।

कवीन्द्र कियावत और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा आमने-सामने

दरअसल, कवीन्द्र कियावत ने प्रस्तावित पश्चिमी बायपास की योजना पर सवाल उठाते हुए इसे उचित नहीं बताया। इस पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने पूर्व अधिकारी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए पलटवार किया। शर्मा ने कहा कि जब कियावत भोपाल के कमिश्नर थे, उस दौरान पांच कॉलोनियों में नियमों के विपरीत अनुमतियां दी गई थीं। उन्होंने तल्ख अंदाज में पूछा कि क्या वे उन कॉलोनियों के नाम गिनाएं ? और फिर विधायक ने उन कॉलोनियो के नाम भी बता दिए

पश्चिमी बायपास को लेकर विधायक ने बताई जरूरत

बहस के दौरान रामेश्वर शर्मा ने पश्चिमी बायपास परियोजना का समर्थन करते हुए कहा कि इसकी योजना विशेषज्ञों की सलाह और तकनीकी मानकों के आधार पर तैयार की गई है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के मापदंडों के साथ पीडब्ल्यूडी और एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण भी किया है।

विधायक के मुताबिक, बैतूल और नागपुर की ओर से आने वाले वाहनों को इंदौर जाने के लिए फिलहाल करीब 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पश्चिमी बायपास बनने से यह दूरी घटकर लगभग 13 किलोमीटर रह जाएगी। उन्होंने कहा कि तेजी से फैलते भोपाल में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बेहतर सड़क नेटवर्क जरूरी है।

मास्टर प्लान पर इन मुद्दों को लेकर भी उठीं आपत्तियां

सुनवाई के पहले दिन पश्चिमी बायपास के अलावा कई शहरी और नागरिक मुद्दे भी सामने आए। आवासीय कॉलोनियों में व्यावसायिक गतिविधियों, अवैध निर्माण, सड़कों की चौड़ाई, बड़े तालाब के कैचमेंट क्षेत्र और किसानों की जमीन के प्रस्तावित उपयोग को लेकर लोगों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।

स्थानीय रहवासियों ने आवासीय क्षेत्रों की मूल पहचान और शांति बनाए रखने की मांग की, जबकि व्यापारियों ने पहले से संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को जारी रखने के पक्ष में अपना पक्ष रखा।

कई जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ रहे मौजूद

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (T&CP) के अधिकारियों ने पहले दिन अरेरा कॉलोनी समेत विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त आपत्तियों पर संबंधित पक्षों की बात सुनी। इस दौरान सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, सेवानिवृत्त एडीजी पवन जैन, पूर्व आईएएस कवीन्द्र कियावत सहित अधिकारी, विशेषज्ञ और स्थानीय रहवासी मौजूद रहे। मास्टर प्लान-2047 पर शुरू हुई यह सुनवाई आने वाले वर्षों में भोपाल के सड़क नेटवर्क, आवासीय स्वरूप और शहरी विकास की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!