Edited By Himansh sharma, Updated: 29 Mar, 2024 07:34 PM
लोकसभा चुनाव से पहले कमलनाथ को एक और बड़ा झटका लगा है।
भोपाल। लोकसभा चुनाव से पहले कमलनाथ को एक और बड़ा झटका लगा है। आपको बता दें कि कमलनाथ के समर्थक विधायक को भाजपा ने अपने पाले में कर लिया है। अमरवाड़ा से विधायक कमलेश प्रताप शाह भाजपा में शामिल हो गए हैं। कमलेश प्रताप शाह 2023 विधानसभा चुनाव में तीसरी बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री हाउस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यमंत्री मोहन यादव के सामने भाजपा की सदस्यता ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि छिंदवाड़ा से गौड़वाना समाज का प्रमुख व्यक्ति भाजपा परिवार में शामिल हो गए हैं, छिंदवाड़ा मोदीमय हो रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक में आज खुशी का मौका आया है। जब छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा से विधायक कमलेश शाह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। अभी छिंदवाड़ा से भाजपा विधायक नहीं हैं।
हमारे साथ प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा जी, सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश जी, लोकसभा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह जी, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय जी, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जी हम सब ने मिलकर स्वागत किया।
छिंदवाड़ा से गौड़वाना समाज का प्रमुख व्यक्ति भाजपा परिवार में शामिल हुआ है, हमारी अपनी ओर से बधाई। छिंदवाड़ा निश्चित रूप से मोदी मय हुआ है। ये उसी का असर दिख रहा है।
मोदी का मिशन 29 सफल करने सीएम मोहन लगातार छिंदवाड़ा में कमलनाथ को कर रहे हैं कमजोर
भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की 29 में से 29 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है। भाजपा इस बार कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में सेंध लगाने पूरा जोर लगा रही है। छिंदवाड़ा से कांग्रेस के एक के बाद एक बड़े नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव कमलनाथ को लगातार छिंदवाड़ा में कमजोर कर रहे हैं। शुक्रवार को छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट से विधायक कमलेश शाह बीजेपी में शामिल हो गए। शाह की आदिवासी वोटरों में अच्छी पकड़ है। इसे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लिए बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
छिंदवाड़ा से कांग्रेस के यह बड़े नेता भी हो चुके हैं भाजपा में शामिल
भाजपा लगातार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को छिंदवाड़ा जिले में झटके पर झटका दे रही है। कुछ दिन पहले छिंदवाड़ा नगर निगम में कांग्रेस के 7 पार्षद बीजेपी में शामिल हो गए थे। 16 सरपंच समेत कई नेताओं ने भाजपा ज्वाइन कर ली। फिर कमलनाथ के करीबी सैयद जाफर और पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना के पुत्र अजय सक्सेना भी भाजपा में शामिल हो गए थे।