गणेश विसर्जन के दौरान भारी विवाद! 3 युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, विवाद बना खूनी संघर्ष; FIR दर्ज

Edited By Vandana Khosla, Updated: 26 Sep, 2026 04:35 PM

major altercation during ganesh visarjan three youths stabbed

बिलासपुरः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में विवाद शांत कराने पहुंचे तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने...

बिलासपुरः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में विवाद शांत कराने पहुंचे तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी क्षेत्र की नायक गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारी और सदस्य गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे। विसर्जन के बाद लौटते समय बड़े बन्नाक तालाब के पास समिति से जुड़े कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जांच में विवाद के पीछे किसी पुरानी रंजिश के बजाय नशे की हालत में आपसी कहासुनी बढ़ने की बात सामने आई है। विवाद के दौरान युवकों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच सड़क पर मौजूद बन्नाक चौक स्थित महावीर नगर निवासी राहुल सिंह ठाकुर (24), माता चौरा निवासी सिद्धांत ध्रुव (22) समेत तीन युवकों ने विवाद रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावर युवकों ने उन पर ही चाकू से हमला कर दिया।

हमले में तीनों युवक लहूलुहान हो गए और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिम्स भेजा। घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने नायक गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष अनुज, शेखर कांति, करण रजक सहित अन्य युवकों को पकड़ लिया है। मामले में अपराध दर्ज कर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इधर, गणेश विसर्जन के दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जूना बिलासपुर में भी युवकों के दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी। गोंड़पारा और सरकंडा क्षेत्र से आए कुछ युवकों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद में शामिल युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कारर्वाई की है। गौरतलब है कि गणेशोत्सव और प्रतिमा विसर्जन से पहले जिला एवं पुलिस प्रशासन ने आयोजन समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए थे। समितियों को विसर्जन के दौरान उपद्रव नहीं करने तथा सुप्रीम कोर्ट के आदेश और निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप डीजे बजाने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद विसर्जन के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में मारपीट और विवाद की घटनाएं सामने आईं। कई स्थानों पर रास्ता रोककर डीजे बजाए जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!