Edited By Himansh sharma, Updated: 23 Sep, 2026 01:44 PM

मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर नियुक्तियों का सिलसिला जारी है।
भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। सोशल मीडिया विभाग के लिए नई जिम्मेदारी तय किए जाने के बाद अब प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात ने राजनीतिक और संगठनात्मक चर्चाओं को हवा दे दी है। सोमवार देर शाम प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मुख्यमंत्री निवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। आधिकारिक तौर पर मुलाकात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों से जोड़कर देखा गया। हालांकि, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि बातचीत के दौरान संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
दरअसल, मध्यप्रदेश भाजपा में प्रदेश मीडिया प्रभारी का पद लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है। पार्टी के मीडिया और डिजिटल तंत्र को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है। अप्रैल 2026 में भाजपा ने प्रदेश सह मीडिया प्रभारियों, प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों की नई टीम घोषित की थी। इसके बाद अब प्रदेश मीडिया प्रभारी की भूमिका को लेकर संगठन के भीतर मंथन की चर्चा है।
सोशल मीडिया विभाग में हो चुकी है नई नियुक्ति
इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने 21 सितंबर को भोपाल के शिवराज डाबी को प्रदेश सोशल मीडिया विभाग का प्रभारी नियुक्त किया। अजय शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल का प्रदेश सह संयोजक बनाया गया है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं। ऐसे में अब पार्टी के मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन ढांचे को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियों को व्यवस्थित करने की कवायद के तौर पर इन घटनाक्रमों को देखा जा रहा है। हालांकि प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद पर अंतिम निर्णय को लेकर भाजपा की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।
सेवा संकल्प अभियान पर भी संगठन की नजर
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश संगठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के तहत चल रहे कार्यक्रमों को लेकर लगातार सक्रिय है। प्रदेश अध्यक्ष ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रभारी मंत्रियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की।
प्रदेश कार्यालय में भी अभियान के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है। ऐसे में खंडेलवाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव की मुलाकात को संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी जिम्मेदारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल प्रदेश मीडिया प्रभारी के नाम को लेकर है। संगठन में नई जिम्मेदारियों का दौर शुरू होने के बाद अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रदेश भाजपा मीडिया की कमान किस चेहरे को सौंपी जाती है।