MP भाजपा में मचा सियासी घमासान! BJP विधायक ने केंद्रीय राज्यमंत्री के खिलाफ खोला मोर्चा, बंगले के बाहर बैठकर करेंगे भूख हड़ताल, राजनीतिक चर्चाएं तेज

Edited By Vandana Khosla, Updated: 05 Oct, 2026 10:55 AM

political turmoil erupts within the mp bjp a bjp mla has launched a confrontati

धारः मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र में धामनोद नगर परिषद की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर के अपनी ही पार्टी की केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोलने से राजनीतिक चर्चाएं तेज...

धारः मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र में धामनोद नगर परिषद की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर के अपनी ही पार्टी की केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोलने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। विधायक ने 09 अक्टूबर से केंद्रीय राज्यमंत्री के निवास के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है।

भाजपा विधायक का आरोप है कि धामनोद में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। विधायक के अनुसार धामनोद नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी माया मंडलोई की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में भी शिकायतें की गईं और प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर मामला उठाया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि अधिकारियों के समक्ष मुद्दा उठाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर अब उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इधर नगर परिषद सीएमओ माया मंडलोई ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए सड़क निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों के 22 कार्य आदेश जारी किए गए हैं, लेकिन ठेकेदारों द्वारा काम नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ठेकेदारों को कई बार सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

वरिष्ठ कार्यालय, नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों और एल्डरमैन को भी परिषद प्रस्ताव करने तथा काम नहीं करने वाले ठेकेदारों की राशि राजसात कर निविदा निरस्त करने और ब्लैकलिस्ट करने की कारर्वाई के लिए कई बार पत्राचार किया गया है। सीएमओ ने कहा कि नगर में एमपीयूयूडीसी की सीवरेज योजना संचालित होने के कारण धामनोद की कई गलियां और सड़कें खोदी गई हैं। उनके अनुसार सीवरेज एजेंसी ने नगर परिषद से कार्य की अनुमति नहीं ली और काम भी ठीक से नहीं किया जा रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लोकायुक्त एफआईआर के विरुद्ध उन्हें उच्च न्यायालय इंदौर से स्थगन आदेश प्राप्त हुआ है।

इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक अपनी ही पार्टी की केंद्रीय राज्यमंत्री के घर के बाहर भूख हड़ताल पर बैठने की बात कर रहे हैं। उन्होंने विधायक की ओर से अधिकारियों द्वारा उनकी बात नहीं सुने जाने और शिकायतों के बावजूद सीएमओ पर कार्रवाई नहीं होने के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि विधायक की मंत्री नहीं सुन रही और अधिकारी विधायक की नहीं सुन रहे हैं।  सिंघार ने इस घटनाक्रम को भाजपा की अंदरूनी खींचतान और वर्चस्व की राजनीति से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भी निशाना साधा।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!