प्रलोभन में नहीं आने और पार्टी के साथ रहने वाले कांग्रेसजन प्रशंसा के पात्र हैं: मुकुल वासनिक

Edited By PTI News Agency, Updated: 17 Jun, 2020 08:32 PM

pti madhya pradesh story

भोपाल, 17 जून (भाषा) कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के मध्यप्रदेश के प्रभारी मुकुल वासनिक ने बुधवार को कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार को गिराने के लिये प्रलोभन का जो खेल भाजपा ने खेला था उस दौरान पार्टी के साथ बने रहने वाले...

भोपाल, 17 जून (भाषा) कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के मध्यप्रदेश के प्रभारी मुकुल वासनिक ने बुधवार को कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार को गिराने के लिये प्रलोभन का जो खेल भाजपा ने खेला था उस दौरान पार्टी के साथ बने रहने वाले कांग्रेसजन प्रशंसा के पात्र हैं।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बनने के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पहली दफा बैठक को सम्बोधित करते हुए वासनिक ने कहा, ‘‘आपने जिस प्रकार से अपनी एकजुटता का परिचय दिया वह सराहनीय है। मध्यप्रदेश में जिस प्रकार से भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या कर, प्रदेश की जनमत द्वारा चुनी कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए प्रलोभन का खेल प्रदेश में खेला था, उसे आप लोगों ने नकार कर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा का प्रदर्शन किया।’’

वासनिक 19 जून को प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के पहले कांग्रेस के विधायकों को भी सम्बोधित करेंगे।

मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के चुनाव के लिये कांग्रेस ने दो उम्मीदवारों पूर्व मुख्यमंत्री दिग्वियज सिंह और वरिष्ठ दलित नेता फूल सिंह बरैय्या को मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और शासकीय कॉलेज में प्रोफेसर रहे समेर सिंह सोलंकी को अपना उम्मीदवार बनाया है।


गौरतलब है कि मार्च माह में सिंधिया कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गये थे। इसके बाद सिंधिया समर्थक कांग्रेस के 22 विधायक भी विधानसभा से त्यागपत्र देकर, कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गये। इससे प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिर गयी और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार सत्तारुढ़ हुई।


इससे पहले बैठक को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी की तरफ से कोरोना महामारी से निपटने तथा लोगों की हर संभव सहायता करने के लिए कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर राज्यसभा चुनाव के लिये कांग्रेस के दोनों उम्मीदवार भी मौजूद थे।


कांग्रेस के चुनाव मामलों के प्रभारी वरिष्ठ अधिवक्ता जे पी धनोपिया ने विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान हेतु विधायकों को अहम दिशा निर्देश दिये।


बैठक प्रारंभ होने के पूर्व सरहद पर चीनी सैनिकों से संघर्ष करते हुए शहीद हुए भारतीय सैनिकों के प्रति कांग्रेस विधायक दल की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!