Edited By meena, Updated: 16 Jun, 2020 11:44 AM
मध्य प्रदेश में इन दिनों शिवराज सिंह चौहान की वायरल फर्जी वीडियो को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और सीएम चौहान के बीच ठन गई है। दोनों ही एक दूसरे पर आक्रामक हो गए हैं। फर्जी वीडियो को लेकर बीते दिनों दिग्विजय सिंह पर FIR हुई और अब कांग्रेस नेता...
भोपाल(इजहार हसन खान): मध्य प्रदेश में इन दिनों शिवराज सिंह चौहान की वायरल फर्जी वीडियो को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और सीएम चौहान के बीच ठन गई है। दोनों ही एक दूसरे पर आक्रामक हो गए हैं। फर्जी वीडियो को लेकर बीते दिनों दिग्विजय सिंह पर FIR हुई और अब कांग्रेस नेता पलटवार करने की तैयारी में हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ शिकायत करेंगे, ये शिकायत फर्जी वीडियो साझा करने के आरोप में ही होगी।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए दावा किया कि शिवराज सिंह चौहान ने 2019 में राहुल गांधी को लेकर एक फर्जी वीडियो साझा की थी, एक मुख्यमंत्री होने के नाते वह ऐसा किस तरह कर सकते हैं। अब दिग्विजय का कहना है कि जिस थाने में मेरे खिलाफ FIR दर्ज की गई थी, मैं भी उसी थाने में जाऊंगा।
वहीं इससे पहले एक अन्य ट्वीट करते हुए दिग्विजय सिंह ने आक्रामक रुख अपनाते हुए शिवराज सिंह को घोटालों का सरदार बताया और कहा कि सीएम के हम में कई घोटाले शामिल हैं, जिनमें भूमाफिया, रेत माफिया, मिलावट माफिया, व्यापम के अपराधी, खनिज माफिया आदि।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट में राहुल गांधी का एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि राहुल गांधी अपने भाषण में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का नाम भूल जाते हैं, लेकिन ये वीडियो एडिट हुआ था। अब दिग्विजय इस वीडियो को लेकर शिवराज के खिलाफ एफआईआर करने की बात कर रहे हैं।
आपको बता दें कि बीते दिनों दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान का एक वीडियो शेयर किया था। बताया जा रहा है कि यह वीडियो फेक है, इसी मामले को लेकर बीजेपी ने शिकायत दर्ज की थी और दिग्विजय सिंह पर भोपाल क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया था।