Edited By meena, Updated: 24 Dec, 2023 07:53 PM
लंबे इंतजार के बाद कल 25 दिसंबर को मोहन सरकार के मंत्रीमंडल का गठन होगा
भोपाल: लंबे इंतजार के बाद कल 25 दिसंबर को मोहन सरकार के मंत्रीमंडल का गठन होगा। दिल्ली में दो दिन के दौरे के बाद कल सोमवार दोपहर 3:30 बजे मंत्रीमंडल की शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें करीब 18-20 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों की मानें तो मोहन कैबिनेट में कुछ दिग्गज चेहरों को बड़ी जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। वही महिला विधायकों को भी इस कैबिनेट में जगह दी जाने की संभावना है। कई नए चेहरे भी इस बार मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकते हैं। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो कैबिनेट में नए और पुराने चेहरों का समावेश नजर आएगा। वहीं जातिगत समीकरणों को साधने की भी भरपूर कोशिश की जाएगी। हालांकि कितने और कौन-कौन से विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह को लेकर अधिकारी राजभवन में तैयारियां में सक्रिय हो गए हैं। इसी दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव के ग्वालियर दौरे के समय में संशोधन की जानकारी निकलकर सामने आई है। उनका कल दोपहर ग्वालियर जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। वे इंदौर से दोपहर भोपाल पहुंच कर नए मंत्रियों के शपथ समारोह में शामिल होंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 दिनों तक दिल्ली में रहकर बीजेपी के तमाम नेताओं से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद वे दिल्ली में पहली बार प्रधानमंत्री मोदी से मिले। सीएम यादव के साथ उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की। सीएम ने अमित शाह और राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस दौरान मंत्रीमंडल गठन को लेकर भी चर्चा हुई जिसके बाद शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। सीएम यादव रविवार को ही भोपाल लौट आएंगे। सोमवार सुबह वे राज्यपाल से मिलने जाएंगे। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण राजभवन में हो सकता है।