Edited By Prashar, Updated: 12 Sep, 2018 06:32 PM
हरतालिका तीज पर्व के अवसर पर देश के एक मात्र बालू से बने शिवलिंग सौभाग्येश्वर महादेव मंदिर में महिला श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। सुबह से ही मंदिर में महिलाओं व युवतियों की लम्बी लम्बी कतारें देखी जा सकती है। मान्यता है कि इस दिन व्रत करने से...
उज्जैन: हरतालिका तीज पर्व के अवसर पर देश के एक मात्र बालू से बने शिवलिंग सौभाग्येश्वर महादेव मंदिर में महिला श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। सुबह से ही मंदिर में महिलाओं व युवतियों की लम्बी लम्बी कतारें देखी जा सकती है। मान्यता है कि इस दिन व्रत करने से महिलाओं को अखण्ड सौभाग्य की प्राप्ति होती है तथा कन्याओं को मनचाहा वर प्राप्त होता है।
उज्जैन के पटनी बाजार स्थित सौभाग्येश्वर महादेव मंदिर में हरतालिका तीज पर्व के अवसर पर महिलाओं और युवतियों की भीड़ है। भाद्र पक्ष की तृतीया तिथि पर मनाए जाने वाले हरतालिका तीज के पर्व पर महिलाए निर्जल उपवास करती हैं, साथ ही कन्याएं भी अपनी श्रद्धानुसार व्रत रखती हैं।
सौभाग्येश्वर महादेव मंदिर की विशेषता यह है कि यह मन्दिर उज्जैन के 84 महादेव मंदिरों में शामिल है और हरतालिका तीज पर्व पर यहां दर्शन करने से सभी मनोकामना पूर्ण होती है। इस मंदिर में रात 12 बजे से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं। दर्शन का यह सिलसिला रात 12 बजे तक जारी रहेगा।
दर्शन करने आईं महिलाओं का व्रत के बारे में कहना है कि महिलाएं अपने पति की लम्बी आयु के लिए दिन भर व्रत रखती है, वहीं युवतियां अच्छे वर की प्राप्ति के उद्देश्य से यह उपवास करती हैं।