आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक पहुंचेगी रेल, छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में रचेगा नया अध्याय

Edited By Vandana Khosla, Updated: 20 Oct, 2026 12:26 PM

for the first time since independence a train will reach rowghat marking a new

रायपुरः भारतीय रेल द्वारा देश में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि तथा आधुनिक रेल अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ में दो महत्वपूर्ण रेल...

रायपुरः भारतीय रेल द्वारा देश में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि तथा आधुनिक रेल अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ में दो महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं का उद्घाटन तथा नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी, जो दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।

कार्यक्रम के दौरान ताड़ोकी–रावघाट रेल लाइन एवं अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही रावघाट–रायपुर एवं रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। माननीय रेल मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

PunjabKesari

रायपुर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय सांसद लक्ष्मी वर्मा, बृजमोहन अग्रवाल एवं रूपकुमारी चौधरी तथा विधायक पुरन्दर मिश्रा, सुनील सोनी, राजेश मूणत एवं मोती लाल साहू तथा रायपुर की महापौर मीनल चौबे की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वहीं, रावघाट स्टेशन पर माननीय सांसद भोजराज नाग, विधायक  विक्रम उसेंडी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक पहुँचेगी रेल
दल्लीराझरा एवं रावघाट के मध्य ₹1,628 करोड़ की लागत से 95 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण हो गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा होने के साथ ही इस परियोजना का कार्य पूर्ण हुआ है। रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को रेल परिवहन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसरों तक उनकी पहुँच आसान होगी।

इस रेल लाइन से क्षेत्र की औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। विशेष रूप से रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन तथा भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की आवश्यकताओं को पूरा करने में रेल संपर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

PunjabKesari

अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज लाइन से यात्री सुविधाओं का विस्तार
केन्द्री–धमतरी एवं अभनपुर–राजिम गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से राजिम के मध्य कार्य पूर्ण होने के बाद यात्री सेवाएँ प्रारंभ की जा चुकी हैं। वहीं, अभनपुर–धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर–कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस परियोजना के शेष कुरूद–धमतरी सेक्शन में कार्य प्रगति पर है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।

अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज लाइन के उद्घाटन से क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार होगा और यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्रीय विकास, व्यापार तथा दैनिक आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।

रावघाट–रायपुर एवं रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवाओं से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

भारतीय रेल नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यात्री सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में रावघाट–रायपुर एवं रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ किया जा रहा है। इन सेवाओं से रावघाट एवं कुरूद से रायपुर तक सीधी रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।

नई यात्री रेल सेवाओं से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों तथा अन्य यात्रियों को लाभ मिलेगा। राजधानी रायपुर तक आवागमन सुगम होने से शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार एवं पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही, किसानों को अपनी कृषि उपज बड़े बाजारों तक पहुँचाने के लिए परिवहन का एक बेहतर विकल्प मिलेगा। इन सेवाओं से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों को राजधानी से जोड़ने तथा क्षेत्रीय सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने में मदद मिलेगी।

PunjabKesari

रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास

रेल परिचालन की आवश्यकताओं को पूरा करने और आधुनिक रेल अवसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा। इस सुविधा के विकसित होने से भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी।

इससे इलेक्ट्रिक लोको की उपलब्धता बढ़ाने, रखरखाव संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने तथा रेल परिचालन को अधिक सुचारु एवं सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी। यह सुविधा देश में बढ़ती माल परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने तथा भारतीय रेल की परिचालन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।

भारतीय रेल की इन पहलों से छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार होगा, दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी तथा औद्योगिक, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। रावघाट तक रेल का पहुँचना और नई यात्री सेवाओं का शुभारंभ प्रदेश के विकास तथा देश के रेल नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!