Edited By Himansh sharma, Updated: 21 May, 2026 12:44 PM

जिले से इंसानियत और दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है।
कोरबा: जिले से इंसानियत और दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जिस व्यक्ति पर परिवार का भरोसा था, उसी ने मौके का फायदा उठाकर एक महिला की अस्मिता को निशाना बनाया। पति-पत्नी के बीच हुए एक घरेलू विवाद ने ऐसी दर्दनाक घटना का रूप ले लिया, जिसने हर किसी को झकझोर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पति और पत्नी के बीच खाना बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद महिला घर से बाहर निकल गई। इसी दौरान उसके पति के कुछ परिचित और दोस्त वहां पहुंचे और बातचीत के बहाने महिला को अपने पास बैठाया। आरोप है कि उन्होंने महिला को शराब पिलाई और फिर उसकी असहाय स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान जाबिर अली और उसके सहयोगी निरंजन सिंह के रूप में हुई है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित जांच कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि रिश्तों और भरोसे की आड़ में होने वाले अपराधों से समाज कैसे सतर्क रहे। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।