वकील पर अपनी जूनियर से दुष्कर्म के आरोप, SC-ST एक्ट का केस, अधिवक्ता संघ ने दोनों को किया निष्कासित

Edited By meena, Updated: 06 Oct, 2026 06:31 PM

lawyer accused of raping his junior sc st act case registered

संघ की विशेष बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता इम्तियाज सिद्दीकी और एक महिला अधिवक्ता की जिला न्यायालय छतरपुर में सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया गया..

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिला अधिवक्ता संघ ने न्यायालय की गरिमा और अधिवक्ताओं की पेशेवर आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में दो अधिवक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। संघ की विशेष बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता इम्तियाज सिद्दीकी और एक महिला अधिवक्ता की जिला न्यायालय छतरपुर में सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया गया। मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में संघ के पदाधिकारियों ने कार्रवाई की जानकारी दी।

जूनियर महिला अधिवक्ता की शिकायत पर वरिष्ठ वकील के खिलाफ केस दर्ज

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, वरिष्ठ अधिवक्ता इम्तियाज सिद्दीकी के खिलाफ उनके अधीन कार्यरत एक जूनियर महिला अधिवक्ता ने गंभीर आरोप लगाए थे। महिला की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने इम्तियाज सिद्दीकी के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

PunjabKesari

लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े दस्तावेजों की नोटरी का मामला

प्रेसवार्ता में संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इम्तियाज सिद्दीकी और संबंधित जूनियर महिला अधिवक्ता के बीच कथित लिव-इन रिलेशनशिप तथा वैवाहिक अनुबंध से जुड़े दस्तावेज तैयार किए गए थे। इन दस्तावेजों का नोटरीकरण महिला अधिवक्ता द्वारा किए जाने की बात संघ ने कही।

संघ की अनुमति के बिना तैयार हुआ अनुबंध, बैठक में लिया फैसला

अधिवक्ता संघ के अनुसार, वैवाहिक अनुबंध और उससे जुड़े दस्तावेज जिला अधिवक्ता संघ की अनुमति के बिना तैयार किए गए थे। मामले को न्यायालय की गरिमा और अधिवक्ताओं की पेशेवर मर्यादा से जुड़ा मानते हुए संघ की विशेष बैठक बुलाई गई। बैठक में प्रस्ताव पारित कर इम्तियाज सिद्दीकी और उनकी जूनियर अधिवक्ता की जिला न्यायालय में सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

नशे में कोर्ट आने वाले अधिवक्ताओं को भी चेतावनी

संघ ने न्यायालय परिसर की गरिमा और अधिवक्ताओं की आचार संहिता को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि कोई अधिवक्ता शराब या किसी अन्य नशे की हालत में न्यायालय परिसर में प्रवेश करता है अथवा न्यायिक कार्य करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ संघ स्तर पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

PunjabKesari

अध्यक्ष समेत पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह, सचिव अनिल दुबे, उपाध्यक्ष लखन दुबे, महिला उपाध्यक्ष रश्मि यादव, कोषाध्यक्ष आशीष पटैरिया और कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। संघ के इस निर्णय को लेकर न्यायालय परिसर और विधिक क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!