Edited By Vandana Khosla, Updated: 29 Sep, 2026 11:43 AM

उज्जैनः मध्यप्रदेश के उज्जैन की आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने सोमवार को मंदसौर जिले की दलौदा ग्राम पंचायत में कार्रवाई करते हुए सरपंच और उसके पति को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार मंदसौर जिले के सीतामऊ निवासी विक्रम सिंह ने अपने पिता के नाम से भूमि खरीदी थी, जिसका नामांतरण हो चुका था। बैंक से ऋण लेने के लिए नक्शे के अनुरूप निर्माण अनुमति के लिए ग्राम पंचायत से प्रमाण-पत्र की आवश्यकता थी। प्रमाण-पत्र जारी करने के एवज में सरपंच और उसके पति ने पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में यह राशि चार हजार रुपये तय हुई।
आवेदक विक्रम सिंह पहले ही 500 रुपये सरपंच के पति को दे चुका था। शेष 3,500 रुपये 28 सितंबर को देना तय हुआ। आवेदक ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक समर वर्मा से की। शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने कार्रवाई की और सरपंच दुर्गा कैथवास तथा उनके पति अनिल कैथवास को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।