Edited By Himansh sharma, Updated: 02 Oct, 2026 04:08 PM

उज्जैन में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
उज्जैन (विशाल सिंह): उज्जैन में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए शहर में 2 हजार से अधिक पुलिस जवानों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर शहर में चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों और जवानों को लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है।
इसी बीच शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने का काम भी जारी है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया से जुड़े 5 अकाउंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक पोस्ट की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की है।