Edited By Anil Kapoor, Updated: 25 Aug, 2026 06:58 AM

सोशल मीडिया पर रील बनाने और चंद फॉलोअर्स के चक्कर में लोग किस हद तक जा सकते हैं, इसकी एक अनोखी बानगी ग्वालियर की सड़कों पर देखने को मिली। जहां एक सिरफिरे युवक को अपनी कार पर रील बनाना इतना भारी पड़ गया कि पुलिस ने न सिर्फ....
Madhya Pradesh News: सोशल मीडिया पर रील बनाने और चंद फॉलोअर्स के चक्कर में लोग किस हद तक जा सकते हैं, इसकी एक अनोखी बानगी ग्वालियर की सड़कों पर देखने को मिली। जहां एक सिरफिरे युवक को अपनी कार पर रील बनाना इतना भारी पड़ गया कि पुलिस ने न सिर्फ उसका तगड़ा चालान काटा, बल्कि थाने ले जाकर कार को पानी से धुलवाया भी।
मिली जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला शहर के सिटी सेंटर से थाटीपुर इलाके का है। सड़क पर जब लोगों ने एक ऐसी स्विफ्ट कार दौड़ती देखी, जिसकी पूरी बॉडी पर लाल रंग की लिपस्टिक के हजारों Kiss के निशान बने हुए थे, तो हर कोई हैरान रह गया। कार पर करीब 3400 निशान बने हुए थे, जिसे लोग मुड़-मुड़कर देखने लगे।
दरअसल, कार मालिक आदित्य सिकरवार ने इंस्टाग्राम पर किसी विदेशी ट्रेंड को देखा था। उसी से इंस्पायर होकर उसने अपनी कार को किसिंग कार में बदलने का प्लान बनाया। इस सनक को पूरा करने के लिए उसकी गर्लफ्रेंड ने करीब साढ़े 3 से 4 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद लिपस्टिक से पूरी कार पर निशान बनाए। योजना के अनुसार रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड की गई, तो महज 24 घंटे में इसे 55 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए। लेकिन जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, सड़क पर अन्य चालकों का ध्यान भटकाने और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने का यह मामला ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की नजर में आ गया।
ट्रैफिक पुलिस ने वायरल वीडियो में कार के नंबर (MP 07...) को ट्रैक किया और थाटीपुर इलाके से कार को रिकवर कर लिया। ट्रैफिक सूबेदार अभिषेक रघुवंशी के मुताबिक, सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की गाड़ी दौड़ाना यातायात सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक था। पुलिस कार मालिक आदित्य को थाने ले आई और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5500 रुपए का चालान ठोक दिया।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद युवक का रील बनाने का सारा भूत उतर गया। उसने अपनी गलती मानते हुए स्वीकार किया कि उसे नियमों के उल्लंघन का अंदाजा नहीं था। इसके बाद पुलिस ने थाने परिसर में ही उसे पानी का पाइप और कपड़ा थमा दिया, जिसके बाद युवक ने खुद अपने हाथों से कार पर बने लिपस्टिक के सभी निशानों को रगड़-रगड़कर साफ किया।