भगवान श्रीकृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरे BJP नेता, बोले- वे कह सकते हैं क्योंकि वे भगवान के अवतार हैं!

Edited By Himansh sharma, Updated: 15 Nov, 2026 12:49 PM

bjp leaders back dhirendra shastri over krishna remark

भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी अब राजनीतिक बहस का रूप लेती जा रही है।

शिवपुरी। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी अब राजनीतिक बहस का रूप लेती जा रही है। इस मामले में जहां कई सामाजिक संगठन विरोध जता रहे हैं, वहीं शिवपुरी में भाजपा के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों के बयानों ने विवाद को और हवा दे दी है। पत्रकारों के सवालों पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने धीरेंद्र शास्त्री के ऊंचे स्थान का हवाला देते हुए उनका बचाव किया, तो जिला प्रवक्ता ने उन्हें भगवान का अवतार तक बता दिया। इसके बाद भाजपा नेताओं के रुख को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

विवादित टिप्पणी पर सवाल, भाजपा नेताओं ने दिया समर्थन

दरअसल, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने एक बयान में भगवान श्रीराम को 'सीधा' और भगवान श्रीकृष्ण को 'टेढ़ा' बताया था। उनकी इस टिप्पणी के बाद धार्मिक और सामाजिक संगठनों की ओर से नाराजगी सामने आई। यादव महासभा समेत कई संगठनों ने इस बयान पर आपत्ति जताई और विरोध प्रदर्शन भी किए।

इसी बीच शिवपुरी में आयोजित एक पत्रकारवार्ता के दौरान जब भाजपा नेताओं से इस पूरे विवाद पर सवाल किया गया, तो उनके जवाब चर्चा का विषय बन गए। भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने धीरेंद्र शास्त्री का पक्ष लेते हुए कहा कि वे शास्त्री हैं और उनका स्थान बहुत ऊंचा है, इसलिए वे ऐसा बोल सकते हैं। उनके इस बयान को धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।

जिला प्रवक्ता ने बताया भगवान का अवतार

विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिला प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा ने भी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बचाव किया। उन्होंने उन्हें भगवान का अवतार बताते हुए उनकी धार्मिक पहचान और आध्यात्मिक स्थान को प्रमुखता दी।

भाजपा प्रवक्ता की इस टिप्पणी ने मामले को और दिलचस्प बना दिया है। जहां श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं, वहीं भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों की ओर से बयान देने वाले संत के समर्थन में खुलकर उतरने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दे पर भाजपा नेताओं के रुख की चर्चा

इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनसे जुड़ी टिप्पणियां संवेदनशील मानी जाती हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं से यह सवाल पूछा जा रहा है कि उन्होंने टिप्पणी के संदर्भ को स्पष्ट करने के बजाय धीरेंद्र शास्त्री के आध्यात्मिक कद को उनके बचाव का आधार क्यों बनाया?

फिलहाल, शिवपुरी की पत्रकारवार्ता में दिए गए ये बयान स्थानीय राजनीति से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक ओर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर विरोध जारी है, तो दूसरी ओर भाजपा नेताओं के समर्थन ने इस विवाद को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!