मथुरा में धीरेंद्र शास्त्री को बनाया कंस, भगवान श्रीकृष्ण के हाथों पिटते दिखे बागेश्वर बाबा, जानें वजह

Edited By Himansh sharma, Updated: 21 Nov, 2026 12:06 PM

dhirendra shastri depicted as kans in mathura

भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में आयोजित पारंपरिक कंस वध मेले में इस बार एक झांकी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

छतरपुर। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में आयोजित पारंपरिक कंस वध मेले में इस बार एक झांकी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। श्रीकृष्ण महोत्सव के तहत निकाली गई शोभायात्रा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कंस के रूप में प्रदर्शित किया गया। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण उन्हें गर्दन से पकड़कर प्रहार करते हुए नजर आए। इस प्रस्तुति को हाल ही में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई उनकी कथित टिप्पणी के विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कही गई बात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मथुरा के संतों और श्रीकृष्ण भक्तों में नाराजगी देखने को मिली थी। कई लोगों ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए शास्त्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी।

विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो जारी कर अपनी बात स्पष्ट की थी। उन्होंने कहा था कि उनके बयान को गलत संदर्भ में समझा गया है और उनकी बात का आशय वैसा नहीं था, जैसा प्रचारित किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले को लेकर मथुरा में नाराजगी पूरी तरह शांत नहीं हुई। माथुर चतुर्वेद परिषद के अध्यक्ष राजन पाठक ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण उनके आराध्य हैं और उनके बारे में अपमानजनक बातें करने वालों को सिर्फ माफी मांगकर जिम्मेदारी से बचने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।

कंस वध मेले में निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा

बृहस्पतिवार को मथुरा में चतुर्वेदी समाज ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कंस वध मेले का आयोजन किया। शाम करीब चार बजे हनुमान गली से कंस के पुतले को शोभायात्रा के रूप में कंस टीले तक पहुंचाया गया। इसके बाद शाम पांच बजे ठाकुरजी हाथी पर सवार होकर मेले में पहुंचे। यहां चतुर्वेदी समाज के लोगों ने लाठियों से कंस के पुतले पर प्रहार कर उसका प्रतीकात्मक वध किया।

इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ परंपरा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। कंस के पुतले को ध्वस्त करने के बाद उसका चेहरा शोभायात्रा के रूप में निकाला गया। पारंपरिक गीतों के बीच युवाओं ने लाठियां लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। होली गेट तक बाजारों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। अंत में हाथी पर विराजमान कृष्ण-बलराम के स्वरूपों के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद लिया।

धार्मिक झांकियों ने बांधा समां

कंस वध मेले की शोभायात्रा में इस बार कई आकर्षक झांकियां शामिल की गईं। गणेश जी की झांकी, श्रीगुरुजी महाराज का स्वरूप और माखन चोरी की सजीव प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। इसके अलावा अक्रूर-कृष्ण-बलराम का रथ, काल भैरव, कंस वध और राधा-कृष्ण की झूले वाली झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

मोर कुटी और नौका विहार की झांकियों ने भी ब्रज संस्कृति की झलक पेश की। शोभायात्रा में जय भारत बैंड और प्रकाश बैंड के साथ ढोल-नफीरी की धुन गूंजती रही। इन धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। धार्मिक उत्साह और पारंपरिक आयोजनों के बीच धीरेंद्र शास्त्री को कंस के रूप में दिखाने वाली झांकी इस बार मेले की सबसे अधिक चर्चित प्रस्तुतियों में शामिल रही।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!