Edited By Desh Raj, Updated: 02 Sep, 2026 07:21 PM

छतरपुर जिले में एक बार फिर मौसम बिगड़ने की संभावना है। राहत आयुक्त, मध्यप्रदेश द्वारा 2 सितंबर को जारी वायरलेस संदेश के अनुसार छतरपुर जिले में 3 सितंबर की सुबह 8:30 बजे तक कुछ स्थानों पर 115.6 से 204.4 मिमी
छतरपुर (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश में 3 सितंबर के लिए बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। छतरपुर जिले में एक बार फिर मौसम बिगड़ने और बहुत भारी बारिश की संभावना है। राहत आयुक्त, मध्यप्रदेश द्वारा 2 सितंबर को जारी वायरलेस संदेश के अनुसार छतरपुर जिले में 3 सितंबर की सुबह 8:30 बजे तक कुछ स्थानों पर 115.6 से 204.4 मिमी तक अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मउगंज, रीवा , सतना, सीधी कटनी, बालाघाट ,पन्ना, छतरपुर और मैहर में बहुत ज्यादा बारिश की चेतावनी है। वहीं विदिशा, नर्मदापुरम, रायसेन,सिंगरौली , अनूपपुर, उमरिया,डिंडोरी, जबलपुर,नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, मंडला,दमोह, सागर और टिकमगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट है।
मौसम के दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।
जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी..
मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और बारिश, आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।
बिजली चमकने के दौरान बरतें विशेष सावधानी..
प्रशासन ने आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। तेज बारिश और हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने तथा मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।