Edited By meena, Updated: 21 May, 2026 02:15 PM

मध्य प्रदेश के राजगढ़ से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के साथ सनसनीखेज वारदात हो गई। भाजपा नेता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि भोपाल से राजगढ़ लौटते समय एक परिचित महिला ने हाईवे पर लिफ्ट मांगी। जैसे ही...
राजगढ़ (धर्मराज सिंह) : मध्य प्रदेश के राजगढ़ से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के साथ सनसनीखेज वारदात हो गई। भाजपा नेता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि भोपाल से राजगढ़ लौटते समय एक परिचित महिला ने हाईवे पर लिफ्ट मांगी। जैसे ही उन्होंने कार रोकी, हथियार दिखाकर 7-8 लोगों ने उन्हें घेर लिया और जबरन जंगल में ले गए। वहां करीब तीन घंटे तक मारपीट की गई, नगदी और कीमती सामान लूट लिया गया, साथ ही कपड़े फाड़कर न्यूड वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई।

पीड़ित के मुताबिक, घटना 10 मई की है। यहां नरसिंहगढ़-कुरावर मार्ग पर परिचित महिला ने हाथ देकर कार रुकवाई थी। कार रुकते ही कुछ बदमाश योजनाबद्ध तरीके से कार में घुस गए और उन्हें बंधक बनाकर सीहोर जिले की काली पहाड़ी के जंगल में ले गए। वहां आरोपियों ने उनके कपड़े फाड़ दिए और न्यूड वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर उनसे 20 लाख रुपए की मांग की। जब नेता ने असमर्थता जताई तो परिवार और परिचितों से पैसे मंगवाने का दबाव बनाया गया। भाजपा नेता के परिजनों ने करीब 61 हजार रुपए ट्रांसफर किए। आरोपियों ने डेढ़-डेढ़ लाख रुपए के दो चेक भी लिए।
दीपक शर्मा का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी घड़ी, अंगूठी, लॉकेट, मोबाइल और नकदी छीन ली। एटीएम कार्ड और पिन लेकर कियोस्क से करीब 60 हजार रुपए भी निकाल लिए। इसके बाद कपड़े फाड़कर उनका अश्लील वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। हालांकि मामला दो दिन बाद पुलिस के पास पहुंचा।
एसपी अमित तोलानी के मुताबिक पहले डर के मारे भाजपा नेता ने शिकायत नहीं कि लेकिन दो दिन बाद 12 मई को एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि यह सीहोर की एक गैंग है, जिसके कई सदस्यों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवा वंशकार, रवींद्र जीत डग, अदनान खान, कृष्णा यादव, तरुण मेवाड़ा, रितिक वाल्मीकि और मंजू प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5.97 लाख रुपए का सामान भी बरामद किया गया है।