Edited By Himansh sharma, Updated: 25 Apr, 2026 12:24 PM

CEO प्रिया काग ने खुद को अपने कार्यस्थल पर असुरक्षित बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आलीराजपुर। मध्य प्रदेश की राजनीति एक बार फिर विवादों के घेरे में है। अलीराजपुर जनपद पंचायत में पदस्थ महिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग के साथ कथित अभद्रता, धमकी और मारपीट की कोशिश का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 22 अप्रैल 2026 का बताया जा रहा है, जब दोपहर करीब 3 बजे CEO प्रिया काग अपने कार्यालय में मौजूद थीं। उसी दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत कुछ आवेदनों को नियमों के तहत निरस्त किए जाने को लेकर मंत्री के भाई और जनपद पंचायत अध्यक्ष के पति इंदर सिंह चौहान के नाराज होने की बात सामने आई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान कार्यालय में विवाद बढ़ गया और इंदर सिंह चौहान ने महिला अधिकारी के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि उन्होंने धमकी भरे शब्दों में कहा—“तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा। साथ ही यह भी आरोप है कि वह महिला अधिकारी की ओर आक्रामक रूप से बढ़े, हालांकि मौके पर मौजूद लेखाधिकारी सावन भिंडे ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद CEO प्रिया काग ने खुद को अपने कार्यस्थल पर असुरक्षित बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि उनके साथ न केवल अभद्रता की गई, बल्कि रास्ता रोकने और धमकाने की भी कोशिश की गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया, हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि यह घटना भाजपा नेताओं से जुड़े व्यक्ति से संबंधित है। उन्होंने लिखा कि एक ओर सरकार “नारी शक्ति” और “महिला सशक्तिकरण” की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महिला अधिकारियों के साथ इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर जानकारी के अनुसार, महिला अधिकारी की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। फिलहाल यह मामला जांच के दायरे में है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।